Last Updated:
एसएस राजामौली की मच-अवेटेड फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर एक बेहद रोमांचक खुलासा हुआ है. फिल्म के लेखक विजयेंद्र प्रसाद ने मुहर लगा दी है कि फिल्म में ‘रामायण’ के राम और कुंभकर्ण के बीच युद्ध का एक भव्य नजारा देखने को मिलेगा. फिल्म में सुपरस्टार महेश बाबू भगवान राम के अवतार में नजर आएंगे, जिनका कुंभकर्ण के साथ पूरे 30 मिनट का एक धुआंधार और रोंगटे खड़े कर देने वाला वॉर सीन होगा. मेकर्स ने इस सीक्वेंस को पूरे 60 दिनों में शूट किया है.
महेश बाबू की फिल्म ‘वाराणसी’ का एसएस राजामौली कर रहे डायरेक्शन.
नई दिल्ली. मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. इसमें लीड रोल में महेश बाबू नजर आएंगे. अब इस फिल्म को लेकर एक बेहद रोमांचक जानकारी सामने आई है. डायरेक्टर एसएस राजामौली के पिता विजयेंद्र प्रसाद ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि फिल्म में रामायण के राम और कुंभकर्ण के युद्ध का एक बेहद खास सीन दिखाया जाएगा.बताया जा रहा है कि यह कोई छोटा-मोटा सीन नहीं, बल्कि पूरे 30 मिनट का एक ग्रैंड सीक्वेंस होने वाला है, जो थिएटर्स में फैंस के रोंगटे खड़े कर देगा. फिल्म में भगवान राम के किरदार में तो महेश बाबू नजर आएंगे, यह बात साफ हो चुकी है, लेकिन कुंभकर्ण के रोल में पृथ्वीराज सुकुमारन दिखेंगे या नहीं, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है.
हाल ही में फिल्मी फोकस के एक इवेंट के दौरान एसएस राजामौली के पिता और मशहूर राइटर विजयेंद्र प्रसाद से फिल्म के उस 30 मिनट वाले सीन के बारे में पूछा गया, जिसे उन्होंने पहले टीज किया था कि यह सीन माइथोलॉजिकल है या पॉलिटिकल? तो उन्होंने जवाब दिया, ‘यह राम और कुंभकर्ण के बीच का युद्ध है, आपने ट्रेलर में देखा था ना? वहां राम और कुंभकर्ण थे. भगवान हनुमान की पूंछ और उस पर एक रथ भी था. मैं उसी सीन की बात कर रहा हूं, जो दर्शकों को एकदम हैरान कर देगा.’
क्या टाइम ट्रैवल पर आधारित है ‘वाराणसी’?
हालांकि, जल्द ही विजयेंद्र प्रसाद को अहसास हो गया कि उन्होंने फिल्म के बारे में कुछ ज्यादा ही डिटेल्स शेयर कर दी हैं. इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या यह फिल्म अलग-अलग टाइम जोन पर आधारित है और यह आइडिया किसका था? तो उन्होंने बात को संभालते हुए कहा, ‘अब हमें इस बारे में और बात नहीं करनी चाहिए.’
भगवान राम के किरदार में दिखेंगे महेश बाबू
सीक्वेंस के लिए 60 दिनों तक चली शूटिंग
फिल्म के इस खास सीक्वेंस को लेकर बात करते हुए राजामौली ने आगे बताया, ‘हमने इस पूरे सीन को 60 दिनों तक शूट किया है और हाल ही में इसे पूरा किया गया. इसे फिल्माना हर दिन एक नई चुनौती की तरह था. इसका हर एक हिस्सा और सब-एपिसोड अपने आप में एक पूरी फिल्म जैसा महसूस हो रहा था, जिसके लिए हमें हर चीज को नए सिरे से सोचना और प्लान करना पड़ा. तमाम मुश्किलों को पार करने के बाद आखिरकार हमने इस सीक्वेंस की शूटिंग पूरी कर ली है. मेरा मानना है कि यह मेरी और महेश बाबू, दोनों के ही करियर के सबसे यादगार सीन्स में से एक होने वाला है.’
साल 2027 में रिलीज होगी एसएस राजामौली की फिल्म
दिलचस्प बात यह है कि जब इस सीक्वेंस की झलक पहली बार सामने आई थी, तब फैंस सोशल मीडिया पर अंदाजा लगाने लगे थे कि फिल्म की कहानी टाइम ट्रैवल पर आधारित हो सकती है. अब राइटर विजयेंद्र प्रसाद के इस नए अपडेट के बाद फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है. ‘वाराणसी’ में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा प्रियंका चोपड़ा भी नजर आने वाली हैं, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं. यह फिल्म साल 2027 में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी.
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें