Cow Milk vs Buffalo Milk Nutrition: दूध को कंप्लीट मील माना जाता है, क्योंकि इसमें पोषक तत्वों का भंडार होता है. दूध पीने के बाद पेट भर जाता है और कैल्शियम की भरपूर डोज भी मिलती है. बच्चों की फिजिकल और मेंटल ग्रोथ के लिए दूध को जरूरी माना जाता है. इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों, मांसपेशियों और ब्रेन डेवलपमेंट में मदद करते हैं. कई माता-पिता के मन में यह सवाल रहता है कि बच्चों के लिए गाय का दूध बेहतर है या भैंस का दूध. खासकर जब बात दिमागी विकास और बुद्धि बढ़ाने की हो, तो इस विषय को समझना जरूरी हो जाता है.
एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि केवल गाय या केवल भैंस का दूध पीने से बच्चे की बुद्धि बढ़ जाती है. बच्चों के ब्रेन का विकास कई फैक्टर्स पर निर्भर करता है. इनमें बैलेंस्ड डाइट, पर्याप्त नींद, नियमित फिजिकल एक्टिविटी, आनुवंशिक गुण और सीखने का माहौल शामिल हैं. दूध इन सभी में पोषण संबंधी भूमिका निभाता है, लेकिन अकेले किसी एक प्रकार के दूध को बुद्धि बढ़ाने वाला नहीं कहा जा सकता है.
सिर्फ दूध नहीं, पूरा आहार है जरूरी
बच्चों की बुद्धि और ओवरऑल डेवलपमेंट के लिए केवल दूध पर निर्भर रहना ठीक नहीं है. उनके आहार में फल, सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, मेवे और प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ भी शामिल होने चाहिए. साथ ही पर्याप्त नींद, खेलकूद और पढ़ाई का संतुलन भी मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसलिए गाय और भैंस के दूध की तुलना करने के बजाय बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार देना अधिक जरूरी है.
क्या कहती हैं डाइटिशियन?
गाजियाबाद की डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया गाय का दूध अपेक्षाकृत हल्का माना जाता है और इसमें फैट की मात्रा भैंस के दूध की तुलना में कम होती है. यह आसानी से पच सकता है, इसलिए छोटे बच्चों के लिए इसे कई लोग बेहतर विकल्प मानते हैं. गाय के दूध में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन बी12 और अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर और ब्रेन के विकास में योगदान देते हैं. कम फैट होने के कारण यह बच्चों को जरूरी पोषण देने के साथ हल्का भी रहता है.
एक्सपर्ट के मुताबिक भैंस के दूध में फैट, कैलोरी और प्रोटीन की मात्रा आमतौर पर अधिक होती है. यही वजह है कि यह अधिक गाढ़ा और मलाईदार होता है. जिन बच्चों को अतिरिक्त ऊर्जा और वजन बढ़ाने की जरूरत होती है, उनके लिए भैंस का दूध फायदेमंद हो सकता है. इसमें भी कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर के विकास में मदद करते हैं. हालांकि ज्यादा फैट होने के कारण कुछ बच्चों को इसे पचाने में समय लग सकता है.
बच्चों के लिए क्या ज्यादा फायदेमंद?
एक्सपर्ट्स की मानें तो यह बच्चे की उम्र, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों पर निर्भर करता है. अगर बच्चा स्वस्थ है और उसे हल्का तथा आसानी से पचने वाला विकल्प चाहिए, तो गाय का दूध बेहतर विकल्प हो सकता है. अगर बच्चे को अतिरिक्त ऊर्जा और कैलोरी की जरूरत है, तो भैंस का दूध भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है. किसी भी स्थिति में दूध का चयन डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार करना बेहतर होता है.