Last Updated:
बिग बॉस 11 की पुरानी दुश्मनी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. ‘भाभीजी घर पर हैं’ एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कबूल किया कि उन्होंने लगभग 10 साल पहले शो के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ फर्जी यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था. इस कबूलनामे के बाद टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने उनकी जमकर आलोचना की, जिस पर शिल्पा ने तीखा पलटवार किया. अब हिना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शिल्पा को करारा जवाब देते हुए फिर तंज कसा है.
नई दिल्ली. टीवी इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े नाम हिना खान और शिल्पा शिंदे… एक बार फिर आमने-सामने हैं. बिग बॉस 11 के समय से चली आ रही इनकी पुरानी दुश्मनी ने अब एक बेहद गंभीर और नया रूप ले लिया है. हाल ही में शिल्पा शिंदे ने एक पॉडकास्ट में यह कबूल कर सबको चौंका दिया था कि उन्होंने करीब एक दशक पहले अपने शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा केस दर्ज कराया था. शिल्पा के इस चौंकाने वाले खुलासे पर जब हिना खान ने इसे ‘शर्मनाक’ बताया, तो शिल्पा ने उन पर पब्लिसिटी बटोरने का आरोप लगा दिया. अब हिना खान ने इस पर बेहद आक्रामक रूप से पलटवार कर पीएम मोदी से गुहार लगाते हुए एक्ट्रेस पर फिर तंज कसा है.
दरअसल, शिल्पा शिंदे ने हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में खुलासा किया कि जब उन्हें शो से निकाला गया और उनके पैसे नहीं दिए गए, तो उन्होंने प्रोड्यूसर के खिलाफ फर्जी केस दर्ज करा दिया. उन्होंने कहा कि उस समय वे खुद ये महसूस कर रही थीं और यह उनका आखिरी रास्ता था. बाद में मामला सेटलमेंट पर खत्म हुआ और उन्हें उनके बकाए पैसे मिल गए.
शिल्पा के इस कबूलनामे पर हिना खान ने इसे अपराध बताया. इसके जवाब में शिल्पा ने एक वीडियो शेयर कर हिना पर तंज कसा. उन्होंने हिना का नाम नहीं लिया. लेकिन लोग समझ गए कि ये तीखे बोल किसके लिए हैं. उन्होंने कहा- ‘लोग मेरे नाम पर पब्लिसिटी गेन करना कब बंद करेंगे पता नहीं है. लेकिन चलती ट्रेन में मत चढ़िए, आपको चोट लगेगी, है ना? आप पब्लिसिटी गेन करने के लिए, आप लोगों के पास अपनी बीमारियां हैं, घर के लोगों की जो डेथ हुई है वो लोग हैं तो आपको शिल्पा शिंदे क्यों चाहिए? आप अलरेडी बहुत पब्लिश हो.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
शिल्पा ने आगे कहा, ‘अगर उस वक्त लोगों ने मेरा साथ दिया होता तो आज यह नौबत नहीं आती. मैं आज खुद बोल रही हूं क्योंकि अब मैं झूठ नहीं बोल सकती. और हां, मैंने जो किया, अगर कोई ‘साम, दाम, दंड, भेद’ नहीं पढ़ा है तो महाभारत देख लो.’
शिल्पा शिंदे के तंज का जवाब देते हुए हिना खान ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद कड़क स्टोरी शेयर की. हिना ने सीधे देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और कानून मंत्री को संबोधित करते हुए न्याय व्यवस्था पर एक बड़ा तंज कसा.
उन्होंने लिखा- ‘माननीय प्रधानमंत्री, माननीय राष्ट्रपति और कानून मंत्री जी, कृपया उन सभी अपराधियों को रिहा कर दीजिए जिन्होंने अपराध करने के बाद उसे कबूल लिया है. क्योंकि उनमें साहस है. क्योंकि वे फाइटर हैं. क्योंकि वे सच्चाई के साथ खड़े हैं और इसलिए भी कि जब उन्होंने अपराध किया था तब किसी ने उनका साथ नहीं दिया.’
हिना ने साफ शब्दों में यह जताने की कोशिश की है कि किसी गंभीर कानून का दुरुपयोग करना और बाद में उसे बहादुरी की तरह पेश करना समाज और महिलाओं के अधिकारों के साथ एक भद्दा मजाक है. हिना के फैंस इस पोस्ट को पसंद कर रहे हैं और शिल्पा शिंदे को उनकी इस हरकत पर ट्रोल कर रहे हैं.
इससे पहले हिना ने इसे सरासर शर्मनाक करार देते हुए कहा था कि विवाद जीतने के लिए अपने जेंडर का इस्तेमाल करना सरासर शर्मनाक है और प्रोड्यूसर को ‘असली पीड़ित’ बताया था. हिना ने यह भी तंज कसा कि यही शख्स जिस पर झूठा केस किया उसी प्रोड्यूसर ने बाद में दोबारा शिल्पा को शो में मौका दिया.