Last Updated:
कॉमेडियन प्रणित मोरे का लाइव शो विवादों के घेरे में है. शो में एक दर्शक ने महिला को ₹370 की बिरयानी खिलाने के बदले संबंध बनाने की उम्मीद करने की बात कही थी. प्रणित ने इसे मंच पर बढ़ावा दिया. चौतरफा आलोचना के बाद प्रणित ने माफी मांगी है. मगर कॉमेडियन कुणाल कामरा ने प्रणित मोरे पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कॉमेडियन्स को गलतियों को छिपाने के लिए ‘क्राउड वर्क’ या ‘माता-पिता’ का सहारा लेना बंद कर देना चाहिए.
प्रणित मोरे की माफी पर कुणाल कामरा ने कसा तंज
नई दिल्ली: स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे का एक क्राउड-वर्क वीडियो बवाल मचा रहा है, जिसे लोग ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद के नाम से भी जान रहे हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद प्रणित को नेटिजन्स की भारी नाराजगी का सामना करना पड़ा. आखिरकार उन्हें माफी मांगनी पड़ी. अब मामले में जाने-माने कॉमेडियन कुणाल कामरा भी कूद पड़े हैं. उन्होंने प्रणित की माफी पर तंज कसते हुए उनकी क्लास लगा दी है. कामरा ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि कॉमेडियन्स को अब क्राउड वर्क, स्टोरीटेलिंग, हार्ड वर्क, बैंक बैलेंस और अपने माता-पिता के पीछे छुपना बंद कर देना चाहिए. यही नहीं, उन्होंने एक और पोस्ट में प्रणित पर चुटकी लेते हुए कह दिया कि उनकी इस हरकत की वजह से तो कॉमेडियन हर्ष गुर्जराल भी बराक ओबामा जैसे समझदार लगने लगे हैं.
पूरे फसाद की जड़ प्रणित मोरे के एक लाइव शो की वो क्लिप है, जिसमें वे हिमांशु जांगड़ा नाम के एक दर्शक से बातचीत कर रहे थे. शो के दौरान जब हिमांशु ने बताया कि वे एक लड़की को डेट पर ले गए थे और उन्होंने बिरयानी पर करीब 370 रुपये खर्च किए, तो बात आगे बढ़ते-बढ़ते एक बेहद आपत्तिजनक मोड़ पर आ गई. हिमांशु ने बातों-बातों में इशारा कर दिया कि खाने का बिल भरने के बदले में वे लड़की से संबंध की उम्मीद रख रहे थे. जब वीडियो इंटरनेट पर आया, तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. जनता ने सोच को बेहद घटिया बताते हुए कहा कि डेटिंग को इस तरह लेन-देन का धंधा बनाना और किसी महिला को महज एक वस्तु समझना, जिसे ₹370 की बिरयानी खिलाकर ‘कमाया’ जा सके, बेहद शर्मनाक है.
(फोटो साभार: X)
कम होने का नाम नहीं ले रहा विवाद
मामला बढ़ता देख प्रणित मोरे ने एक वीडियो जारी करके अपनी सफाई दी और इस पूरे विवाद पर गहरा अफसोस जताया. उन्होंने देर से सामने आने की वजह बताते हुए कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था, इसलिए वे तुरंत जवाब नहीं दे पाए. प्रणित ने माना कि बातचीत के दौरान कई गलत और आपत्तिजनक बातें कही गईं, लेकिन उस वक्त हॉल में मौजूद दर्शक हंस रहे थे, जिसकी वजह से वे भी माहौल में बह गए और सही स्टैंड नहीं ले पाए. उन्होंने अपनी माफी में लिखा कि वे भी एक इंसान हैं और अपनी गलतियों से लगातार सीख रहे हैं. उन्होंने वादा किया कि वे आगे से इस बात का पूरा ध्यान रखेंगे कि अनजाने में भी मंच से ऐसी किसी गलत सोच को बढ़ावा न मिले. हालांकि, उनकी इस माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर बहस ठंडी नहीं हो रही है.
About the Author
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें