Last Updated:
राजकुमार राव ने अपनी जिंदगी, आस्था और फिल्मों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं. उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद साल 2008 में वह सबसे पहले शिरडी पहुंचे थे. अभिनेता ने उज्ज्वल निकम की बायोपिक में काम करने का अनुभव भी बताया. इसके अलावा उन्होंने ‘स्त्री 3’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया. राजकुमार के मुताबिक, फिल्म की कहानी पर फिलहाल काम चल रहा है.
मुंबई आने के बाद साल 2008 में वह सबसे पहले शिरडी ही पहुंचे थे. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव अपनी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के लिए पहचाने जाते हैं. वह मुश्किल और चुनौती भरे किरदारों को पर्दे पर उतारने से पीछे नहीं हटते. हाल ही में वह महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा के दर्शन किए. इस दौरान अभिनेता ने अपनी आस्था के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि साईं बाबा के प्रति उनका जुड़ाव बचपन से है और जब भी मौका मिलता है, वह शिरडी आने की कोशिश करते हैं. उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद साल 2008 में वह सबसे पहले शिरडी ही पहुंचे थे.
साईं बाबा के दर्शन के बाद राजकुमार राव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘हर बार मैं जब भी यहां आता हूं, बहुत अच्छा महसूस होता है. मन को बहुत शांति मिलती है. मौका मिलते ही मैं यहां आता रहता हूं. बचपन के दिनों से ही मेरी साईं बाबा में गहरी आस्था रही है. मैं अपनी मां के साथ साईं बाबा के मंदिर जाया करता था. उस समय मेरे मन में शिरडी आने की इच्छा थी, लेकिन मुझे यह पता नहीं था कि वहां कैसे पहुंचेंगे. साल 2008 में जब मैं पहली बार मुंबई आया तो सबसे पहले शिरडी में बाबा के दर्शन करने पहुंचा. इसके बाद से मैं लगभग हर साल यहां आने की कोशिश करता हूं.’
बायोपिक में काम करना क्यों पसंद?
राजकुमार राव से जब पूछा गया कि वह असल जिंदगी के लोगों पर बनने वाली बायोपिक में काम करना क्यों पसंद करते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘किसी असल शख्स का किरदार निभाना आसान नहीं होता. इस दौरान उस व्यक्ति की जिंदगी, उसके काम और उसके व्यवहार को समझना जरूरी होता है. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि फिल्म निर्माता मुझे देश के असली नायकों की कहानियों को पर्दे पर उतारने लायक समझते हैं.’
प्रहार पर क्या बोले राजकुमार
राजकुमार ने अपनी हालिया बायोपिक ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ में उज्ज्वल निकम का किरदार निभाने के अनुभव के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, ‘उज्ज्वल निकम ने देश और राज्य के लिए कई अहम मामले लड़े हैं और उनकी जिंदगी काफी चुनौतीपूर्ण रही है. ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाना मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी थी. इसके लिए मैंने उज्ज्वल निकम के बारे में काफी कुछ पढ़ा, उन्हें समझने की कोशिश की और उनके कई वीडियो भी देखे. फिल्म देखने के बाद लोगों से जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली, उससे मुझे लगता है कि किरदार के लिए की गई मेरी मेहनत सफल रही.’
‘स्त्री 3’ पर भी दिया बड़ा अपडेट
बातचीत के दौरान जब उनसे ऐसे कलाकारों के बारे में पूछा गया, जो फिल्म इंडस्ट्री में बाहर से आकर अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाते हैं, तो राजकुमार ने कहा, ‘अगर किसी के अंदर टैलेंट है और उसे अपना काम आता है तो मुंबई शहर उसे मौका देता है. इसके साथ माता-पिता और भगवान का आशीर्वाद भी जरूरी है.’ राजकुमार राव ने अपनी चर्चित फिल्म ‘स्त्री’ के तीसरे पार्ट को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि फिलहाल ‘स्त्री 3’ की कहानी पर काम चल रहा है और टीम जल्द ही इसकी शुरुआत करेगी.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें