Last Updated:
बॉलीवुड के जाने-माने राइटर और गीतकार जावेद अख्तर ने अपनी पुरानी शराब की आदत और उससे हुए नुकसान पर खुलकर बात की है. उन्होंने माना कि शराब के चलते उनके करीब 15 साल बर्बाद हुए हैं. जावेद अख्तर ने बताया कि अगर उन्होंने उस वक्त को शराब पीने के बजाय नई चीजें सीखने में लगाया होता, तो बात कुछ और होती. अब वह शराब को पूरी तरह पीछे छोड़ चुके हैं और साफ कहते हैं कि अब इस आदत से उनकी कोई लड़ाई बाकी नहीं है.
जावेद अख्तर को शराब की लत का आज भी है पछतावा. (फोटो साभार: IMDb/AI)
नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा के दिग्गज राइटर और गीतकार जावेद अख्तर ने हाल ही में अपनी शराब की लत को लेकर बात की. उन्होंने माना कि यह उनके सबसे बड़े पछतावों में से एक है. 30 साल से ज्यादा वक्त से शराब छोड़ चुके जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने करीब 15 साल शराब पीने और गैर-जिम्मेदाराना हरकतों में गंवा दिए. अब जब वह पीछे मुड़कर देखते हैं तो लगता है कि काश उस वक्त को नई चीजें सीखने, रिश्तों को संभालने और काम से हटकर अपने दूसरे शौक पूरे करने में लगाया होता.
जर्नलिस्ट बरखा दत्त के यूट्यूब चैनल मोजो स्टोरी पर बातचीत के दौरान जावेद अख्तर ने शराब छोड़ने से पहले की अपनी मुश्किलों और गलतियों को याद किया. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने आखिरी बार शराब कब पी थी, वह तारीख उन्हें आज भी पक्की याद है- 31 जुलाई 1991.
जावेद अख्तर ने शराब की लत से जीती जंग
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें किसी बात का पछतावा है, तो जावेद ने माना कि अगर दोबारा मौका मिले तो वह कई फैसलों पर नए सिरे से सोचेंगे. उनका मानना है कि पछतावा जिंदगी का स्वाभाविक हिस्सा है, खासकर तब जब इंसान पीछे मुड़कर देखता है और समझता है कि हालात को अलग तरीके से भी संभाला जा सकता था. शराब की लत का जिक्र आया तो अख्तर ने तुरंत साफ किया कि अब वह इसे कोई जंग नहीं मानते. उन्होंने कहा कि मैंने उसे हरा दिया. अब लड़ाई कहां बची है?.
31 जुलाई 1991 को जावेद अख्तर ने आखिरी बार पी थी शराब
जावेद अख्तर ने गंवा दिए जिंदगी के 15 साल
उन्होंने आगे माना कि शराब ने उनकी जिंदगी के कई फैसलों पर असर डाला और कबूल किया कि उनकी सबसे बड़ी गलतियां शराब के नशे में ही हुईं. जावेद अख्तर ने कहा, ‘कभी कभी मैं सोचता हूं कि अगर मैं पीता नहीं तो इतनी गलतियां ही नहीं करता. ये तो बहुत गड़बड़ हो गई. 81 साल की उम्र में पीछे मुड़कर देखते हुए जावेद को आज भी अहसास होता है कि उन्होंने शराब की आदत और अपने गैर-जिम्मेदाराना रवैये के चलते करीब 15 साल गंवा दिए. उनका मानना है कि इस वक्त को नई चीजें जैसे संगीत, नई भाषाओं को सीखने और बहुत कुछ करने में लगाया जा सकता था.
सोच-समझकर लिया शराब छोड़ने का फैसला
अख्तर ने यह भी बताया कि शराब छोड़ने का फैसला उन्होंने यह सोचकर लिया कि वह अपनी आगे की जिंदगी किस तरह जीना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वह शराब का मजा लेते थे और किसी नाखुश बचपन की वजह से उन्होंने पीना शुरू नहीं किया था. लेकिन बाद में उन्हें यह समझ आ गया कि इस आदत को जारी रखने से उनकी उम्र काफी कम हो सकती है.
जावेद अख्तर को शराब पीने में आता था खूब मजा
उन्होंने बताया, ‘मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास एक चॉइस है. अगर मैं पीता रहता हूं और मैं इसलिए नहीं पी रहा था कि मेरा बचपन खराब था, बल्कि इसलिए कि मुझे पीने में पूरा मजा आता था. लेकिन या तो मैं यह मजा लूं और 52-53 साल की उम्र तक जीकर मर जाऊं. उस वक्त मैंने खुद को 10 से 12 साल ही दिए थे, अगर मैं पीता रहता और अगर मुझे लंबी जिंदगी जीनी है, तो शराब छोड़नी ही पड़ेगी और मुझे लंबा जीना था. मुझे आज भी लंबा जीना है. मैं बस मरना नहीं चाहता.’
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें