Last Updated:
Health Tips: सर्दियों में सुबह खाली पेट अदरक का पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है. फरीदाबाद के एकॉर्ड हॉस्पिटल की आयुर्वेदिक कंसल्टेंट डॉ. अनु शर्मा के अनुसार, यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाकर गैस, ब्लोटिंग और प्रदूषण से फेफड़ों को बचाने में मदद करता है. जानें घर पर अदरक का पानी बनाने का सही तरीका और किन लोगों को इसकी गर्म तासीर के कारण परहेज करना चाहिए.
Health Tips: सर्दियों के मौसम में अदरक का इस्तेमाल चाय से लेकर खाने तक में किया जाता है. अदरक न केवल खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. कुछ लोग सुबह खाली पेट अदरक का पानी पीते हैं, लेकिन क्या ऐसा करना वाकई फायदेमंद है? क्या इससे गैस और पेट फूलने जैसी परेशानियों में राहत मिल सकती है? वहीं, किन लोगों को इसका सेवन करने से बचना चाहिए? इन सभी सवालों के जवाब फरीदाबाद के एकॉर्ड हॉस्पिटल की आयुर्वेदिक कंसल्टेंट डॉक्टर अनु शर्मा ने दिए हैं.
पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है अदरक का पानी
डॉक्टर अनु शर्मा बताती हैं कि अदरक का पानी पीने से पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद मिलती है. जिन लोगों को गैस और पेट फूलने यानी ब्लोटिंग की समस्या रहती है, उनके लिए इसका सेवन फायदेमंद हो सकता है. अदरक पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है. इसके साथ ही गैस और पेट से जुड़ी दूसरी परेशानियों में भी राहत दे सकता है.
अदरक का पानी बनाने का आसान तरीका
डॉक्टर अनु शर्मा बताती हैं कि अदरक का पानी बनाना काफी आसान है. इसके लिए करीब 200 मिलीलीटर पानी लेना है. इसमें थोड़ी सी अदरक को कूटकर डाल दें. अब इसे धीमी आंच पर पकाएं. जब पानी उबलकर आधा रह जाए तो इसे छानकर काढ़े की तरह पी सकते हैं. इस तरह घर पर आसानी से अदरक का पानी तैयार किया जा सकता है.
किन लोगों को करना चाहिए इससे परहेज?
डॉक्टर अनु शर्मा बताती हैं कि हर व्यक्ति के लिए अदरक का पानी पीना सही नहीं होता है. जिन लोगों के शरीर में पित्त की समस्या रहती है या जिन्हें सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस होती है, उन्हें इसका सेवन करने से बचना चाहिए. इसके अलावा जिन लोगों को शरीर में जलन की परेशानी रहती है, उन्हें भी इसे पीने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. अदरक की तासीर गर्म होती है, इसलिए ऐसे लोगों को इसका सेवन नुकसान पहुंचा सकता है.
सर्दियों और प्रदूषण में फेफड़ों के लिए फायदेमंद
डॉक्टर अनु शर्मा बताती हैं कि सर्दियों के मौसम में अदरक का पानी पीना फायदेमंद हो सकता है. यह फेफड़ों के स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा माना जाता है. इन दिनों प्रदूषण की समस्या बनी हुई है. ऐसे समय में अदरक का सेवन शरीर को लाभ पहुंचा सकता है. हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं समझना चाहिए. अपनी शारीरिक प्रकृति के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए.
About the Author
Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…
और पढ़ें