Last Updated:
What Is Coliform: बाजार से पानी की बोतल खरीदते समय ज्यादातर लोग ब्रांड देखकर भरोसा कर लेते हैं. खासकर जब बात बिसलेरी जैसे पॉपुलर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड की हो, तो लोग मानते हैं कि इसका पानी पूरी तरह सेफ होगा. लेकिन हाल ही में इसमें कॉलिफॉर्म के मौजूदगी के सबूत मिले हैं. लेकिन आखिर ये कॉलिफॉर्म क्या होता है? क्या इसके मिलने का मतलब है कि पानी में मल-मूत्र की गंदगी मौजूद है? चलिए इस लेख में समझते हैं.
What Is Coliform: प्यास लगने पर हम अक्सर बाजार से पानी की बोतल खरीदकर पी लेते हैं. खासकर सफर के दौरान लोग पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को सुरक्षित मानते हैं. लेकिन हाल ही में बिसलेरी की एक पानी की बोतल के बैच में Coliform बैक्टीरिया मिलने की खबर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में कंपनी के एक खास बैच का पानी पीने के लिए असुरक्षित पाया गया.
कॉलिफॉर्म बैक्टीरिया क्या है? ये बैक्टीरिया के एक समूह का नाम है, जो मिट्टी, पानी, पौधों और इंसानों व जानवरों की आंतों में पाए जा सकते हैं. इनमें से कुछ बैक्टीरिया मल-मूत्र के जरिए भी पानी में पहुंचते हैं.अमेरिका के न्यूयॉर्क स्टेट डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ के अनुसार, Coliform को पानी की सफाई जांचने के लिए इंडिकेटर यानी संकेतक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. इनकी मौजूदगी ये बताती है कि पानी के दूषित होने की आशंका है.
बिसलेरी की बोतल में क्या मिला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, FSSAI ने बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 के पानी का सैंपल जांचा था. ये सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिया गया था. इसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट 20 जुलाई 2026 थी. जांच के बाद 12 अगस्त 2026 को इस खास बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई. प्राथमिक और रेफरल दोनों लैब में कॉलिफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई.
क्या बिसलेरी का पानी बीमार कर सकता है?
सभी कॉलिफॉर्म बैक्टीरिया नुकसानदायक नहीं होते, लेकिन इनकी मौजूदगी पानी में गंदगी या संक्रमण फैलाने वाले दूसरे कीटाणुओं के होने का संकेत देती है. अगर दूषित पानी के जरिए बीमारी फैलाने वाले सूक्ष्मजीव शरीर में पहुंच जाएं, तो दस्त, उल्टी, पेट में दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दूषित पानी पीने से डायरिया, हैजा, पेचिश और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा रहता है.
E. Coli और Coliform में क्या अंतर है?
अक्सर लोग Coliform और E. Coli को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों अलग हैं. E. Coli, Coliform समूह का ही एक बैक्टीरिया है. ये आमतौर पर इंसानों और जानवरों की आंतों में पाया जाता है. पानी में इसकी मौजूदगी मल-मूत्र से होने वाले प्रदूषण का मजबूत संकेत मानी जाती है. WHO के अनुसार, पीने के पानी के 100 मिलीलीटर सैंपल में E. Coli बिल्कुल नहीं होना चाहिए. इसकी मौजूदगी मिलने पर तुरंत जांच और कार्रवाई की जरूरत होती है.
पानी की बोतल खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
– बोतल खरीदते समय उसकी सील जरूर चेक करें. अगर सील टूटी हुई है, तो उसे न खरीदें.
– बोतल पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर देखें.
– पानी का रंग, स्वाद या गंध असामान्य लगे तो उसे न पिएं.
– बोतल को तेज धूप या गर्म जगह पर रखने से बचें.
– इस्तेमाल की गई प्लास्टिक बोतल को लंबे समय तक दोबारा इस्तेमाल न करें.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें