Last Updated:
माधुरी दीक्षित जल्द ही फिल्म ‘मां बहन’ में नजर आने वाली हैं. उनकी ये फिल्म 4 जून को नेटफ्लिक्स पर आने वाली है. इस फिल्म में माधुरी ने तृप्ति डिमरी की मां का रोल निभाया है. फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए माधुरी ने बताया कि ये रोल मां की सोसाइटी में बनी इमेज से बिल्कुल अलग है.
नई दिल्ली. माधुरी दीक्षित इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मां बहन’ को लेकर सुर्खियों में हैं. फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने अपनी को-स्टार्स तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा के साथ जमकर मस्ती की. इसी दौरान उनसे एक दिलचस्प सवाल पूछा गया कि अगर फिल्म की कहानी दिल्ली में सेट होती, तो सबसे ज्यादा ‘कांड’ कौन करता.
इस सवाल पर माधुरी ने हंसते हुए कहा कि तृप्ति और धारणा उनसे ज्यादा कांड कर सकती हैं. उन्होंने मजाक में कहा कि दोनों का दिल्ली से गहरा नाता है और उन्हें यहां के माहौल की अच्छी समझ है. वहीं उन्हें दिल्ली के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए उनके हिस्से में कम कांड आएंगे.
माधुरी की बात पर तृप्ति डिमरी ने भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि फिल्म के तीनों मुख्य किरदार काफी मजबूत हैं और हर किसी के हिस्से में बराबर का ड्रामा और मुश्किलें आती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
तृप्ति के मुताबिक, फिल्म का परिवार पूरी तरह बिखरा हुआ और अव्यवस्थित है, लेकिन यही बात इसे खास बनाती है. कहानी में तीनों किरदार ऐसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं, जहां उन्हें हर बार नई तरकीब निकालकर हालात संभालने पड़ते हैं.
फिल्म ‘मां बहन’ की कहानी रेखा नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है. वह पहले से ही अपनी जिंदगी की जिम्मेदारियों में उलझी होती है, लेकिन अचानक एक ऐसी घटना होती है जो उसकी दुनिया बदल देती है. उसके घर के किचन में एक लाश मिल जाती है और यहीं से मुश्किलों का सिलसिला शुरू हो जाता है.
इसके बाद रेखा और उसकी दोनों बेटियां जया और सुषमा इस मुसीबत से निकलने की कोशिश करती हैं. कहानी में कॉमेडी, सस्पेंस और अफरा-तफरी का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा. तीनों किरदार सच छिपाने और खुद को मुश्किलों से बचाने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आएंगे.
फिल्म में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा के अलावा रवि किशन, गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह क्राइम-कॉमेडी फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
माधुरी से फिल्म में तृप्ति की मां का रोल निभाने के बारे में जब पूछा गया कि क्या उन्हें तृप्ति डिमरी जैसी यंग एक्ट्रेस की मां का किरदार निभाने में कोई झिझक हुई? तो उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा था कि उनके लिए कैरेक्टर का लीड होना या उसकी उम्र मायने नहीं रखती.