Last Updated:
90 के दशक में जूही चावला, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर जैसी टॉप हीरोइनों का राज था. दिग्गजों के बीच एक नई-नवेली हीरोइन का उदय हुआ. वह न सिर्फ माधुरी दीक्षित जितनी खूबसूरत थीं, बल्कि उनकी जुड़वां बहन लगती थीं. डेब्यू करते ही एक्ट्रेस की किस्मत ऐसी चमकी कि वे देखते-देखते स्टार बन गईं. उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ठुकरा दी. वे जब अपने करियर के पीक पर थीं, तब अचानक एक्टिंग छोड़कर मशहूर क्रिकेटर से शादी कर ली.
नई दिल्ली: 90 के दशक ने कई सितारे हिंदी सिनेमा को दिए, जो आज भी बड़े पर्दे पर जगमगा रहे हैं. सलमान खान-शाहरुख खान आज जहां बॉलीवुड के बेताज बादशाह हैं, वहीं माधुरी दीक्षित-काजोल भी बड़े पर्दे पर टिकी हुई हैं. मगर हर सितारे का इनके जैसा नसीब नहीं था. आपको माधुरी दीक्षित की हमशक्ल याद है, जो 90s में खूब पॉपुलर रही थीं. वे एक फिल्म के हिट होते ही रातोंरात स्टार बन गई थीं.
हालांकि, स्टारडम के नशे में एक्ट्रेस से एक चूक हो गई. उन्होंने एक मशहूर क्रिकेटर के प्यार में पड़ने के बाद ब्लॉकबस्टर फिल्म रिजेक्ट कर दी. उन्हें मेकर्स फिल्म में शाहरुख खान के अपोजिट कास्ट करना चाहते थे. उन्होंने बॉलीवुड का साथ तब छोड़ा, जब उन्हें मेकर्स अपनी फिल्मों में लेने को बेताब थे. मगर उन्होंने साउथ सिनेमा का रुख किया. अगर आपने 90s का सुपहिट गाना ‘हम लाख छुपाए’ सुना है, तो मुमकिन है कि आप हीरोइन से वाकिफ हों. हम मशहूर क्रिकेटर मनोज प्रभाकर की पत्नी फरहीन प्रभाकर की बात कर रहे हैं, जिन्हें लोग शादी से पहले फरहीन खान के नाम से जानते थे.
साल 1992 में फरहीन खान ने रॉनित रॉय के साथ फिल्म ‘जान तेरे नाम’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. पहली ही फिल्म से यह जोड़ी छा गई और फरहीन रातोंरात स्टार बन गईं. उस दौर में उनका चेहरा काफी हद तक माधुरी दीक्षित से मिलता था, जिसकी वजह से हर कोई उनकी बातें करने लगा. फिल्ममेकर्स से लेकर आम जनता तक, सब उन्हें माधुरी की हमशक्ल कहने लगे और लोगों को लगने लगा कि वे बॉलीवुड की अगली सुपरस्टार बनने वाली हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फरहीन को पॉपुलैरिटी के बीच शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाजीगर’ में एक बड़ा रोल ऑफर हुआ. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहीन को वही रोल मिला था जिसे बाद में शिल्पा शेट्टी ने निभाया. लेकिन कुछ वजहों से उन्होंने इस बड़ी फिल्म को ठुकरा दिया और साउथ सिनेमा की तरफ रुख करने का फैसला किया, जो उनके करियर का एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
‘बाजीगर’ छोड़ने के बाद फरहीन को साउथ के दिग्गज एक्टर कमल हासन के साथ तमिल फिल्म ‘कलइगनन’ में काम करने का मौका मिला. किस्मत का खेल देखिए, जहां एक तरफ ‘बाजीगर’ रिलीज होकर इतिहास रच रही थी और ब्लॉकबस्टर साबित हुई, वहीं दूसरी तरफ कमल हासन के साथ आई फरहीन की तमिल फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई.
फरहीन कभी बॉलीवुड तो कभी साउथ की फिल्मों के बीच चक्कर लगाती रहीं. उन्होंने अक्षय कुमार के साथ ‘सैनिक’, ‘दिल की बाजी’ और ‘नजर के सामने’ जैसी कई फिल्मों में स्क्रीन शेयर की. इसके अलावा, वे ‘अग्नि प्रेम’, ‘फौजी’ और ‘तहकीकात’ जैसी कुछ और यादगार फिल्मों का भी हिस्सा रहीं, जहां दर्शकों ने उनके काम को काफी पसंद किया.
फिल्मों के साथ-साथ फरहीन अपनी पर्सनल लाइफ और लव स्टोरी को लेकर भी खूब चर्चा में रहीं. उन्हें भारतीय क्रिकेटर मनोज प्रभाकर से प्यार हुआ. दोनों की मुलाकात 1993 में हुई और जल्द ही वे करीब आ गए. मनोज पहले से शादीशुदा थे और उनकी जिंदगी में दिक्कतें चल रही थीं, इसलिए कहा जाता है कि 1994 में दोनों ने चुपके से निकाह कर लिया. आज उनके दो बेटे हैं.
मनोज ने पहली पत्नी से तलाक होने के बाद फरहीन से 2009 में हिंदू रीति-रिवाज से दोबारा शादी की. शादी के बाद फरहीन ने ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया और दिल्ली आ गईं. उन्होंने करियर के बजाय अपने परिवार और बच्चों को चुना. उन्होंने लंबे समय तक होममेकर रहने के बाद जॉन अब्राहम की फिल्म ‘द डिप्लोमेट’ में एक छोटे से रोल के साथ पर्दे पर वापसी की.