Last Updated:
Gunmaaster G9 X Review: इमरान हाशमी की फिल्म ‘गनमास्टर G9’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. फिल्म में एक्शन, रोमांस और सस्पेंस का जबरदस्त मेल देखने को मिल रहा है. रिलीज से पहले ही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता थी, लेकिन अब सिनेमाघरों से बाहर निकलने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. खास बात यह है कि फिल्म के कुछ ऐसे पहलू हैं, जिन्होंने दर्शकों को उम्मीद से ज्यादा प्रभावित किया है.
इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की नई जोड़ी फिल्म में नजर आ रही है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की मोस्ट अवेटेड एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर G9’ आज यानी 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिका में हैं. फिल्म के रिलीज होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इसके शुरुआती रिव्यू आने शुरू हो गए हैं. दर्शकों की तरफ से फिल्म को बेहद पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है.
खासतौर पर इसकी कहानी, एक्शन सीक्वेंस, क्लाइमैक्स और म्यूजिक की तारीफ हो रही है. कुछ दर्शकों ने तो इसे उम्मीद से कहीं बेहतर फिल्म बताया है. फिल्म क्रिटिक सुभाष के झा ने भी इसे ब्लॉकबस्टर करार दिया है.
ब्लॉकबस्टर है फिल्म
फिल्म क्रिटिक सुभाष के झा ने ‘गनमास्टर G9’ देखने के बाद इसकी तारीफ की है. उन्होंने फिल्म के एक्शन और कहानी में आने वाले ट्विस्ट को शानदार बताया. साथ ही इमरान हाशमी की तारीफ करते हुए उन्हें इस साल का दूसरा विजेता बताया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि उन्होंने अभी ‘गनमास्टर G9’ देखी है और यह ब्लॉकबस्टर है. फिल्म का एक्शन और इसमें मिलने वाले सरप्राइज दर्शकों को बांधे रखते हैं.
कहानी, क्लाइमेक्स और संगीत ने जीता दिल
सोशल मीडिया पर फिल्म देखने वाले दर्शक भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए हैं. उसने लिखा कि फिल्म देखने से पहले उसे इससे ज्यादा उम्मीद नहीं थी, लेकिन कहानी और क्लाइमैक्स ने उसे हैरान कर दिया. यूजर ने फिल्म के म्यूजिक की भी तारीफ की और इसे जरूर देखने लायक बताया.
एक अन्य ने इमरान हाशमी के अभिनय को शानदार बताया. उसने अपारशक्ति खुराना की परफॉर्मेंस को भी दमदार कहा. जेनेलिया देशमुख के काम की तारीफ करते हुए लिखा कि वह इस फिल्म में पहले से अलग अंदाज में नजर आई हैं. दर्शकों को फिल्म का एक्शन और कहानी में आने वाले ट्विस्ट भी पसंद आ रहे हैं.
पहली बार साथ दिखे इमरान और जेनेलिया
‘गनमास्टर G9’ की एक खास बात इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की नई जोड़ी भी है. दोनों पहली बार इस फिल्म में साथ नजर आ रहे हैं. दर्शकों को पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री पसंद आ रही है. एक सोशल मीडिया यूजर ने दोनों की जोड़ी को क्यूट बताया है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म में इमरान हाशमी ईश्वर नाम के एक डेयरी किसान का किरदार निभा रहे हैं. उसकी जिंदगी तब बदल जाती है, जब एक खतरनाक गैंग उसके परिवार और करीबियों को निशाना बनाने लगता है. इसके बाद ईश्वर अपने पुराने हिंसक अंदाज में लौटने को मजबूर हो जाता है. वह अपनों को बचाने के लिए दुश्मनों से भिड़ता है.जेनेलिया फिल्म में आरती के किरदार में हैं. वहीं, अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में अभिषेक सिंह, इनायत वर्मा और स्नेहिल दीक्षित मेहरा भी अहम रोल में हैं.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें