Last Updated:
सर्दियों में गीजर के गर्म पानी से नहाना आरामदायक लगता है, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म पानी त्वचा की प्राकृतिक नमी को नुकसान पहुंचा सकता है. इससे रूखापन, खुजली और बालों में डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है. केसरी राज हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन्त कुमार गुप्ता ने बताया कि गीजर का तापमान कितना रखना चाहिए और नहाते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना जरूरी है.
सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग नहाने और दूसरे घरेलू कामों के लिए गीजर के गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं. ठंड से बचने के लिए गर्म पानी से नहाना आरामदायक जरूर लगता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा गर्म पानी आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. ऐसे में गीजर के पानी का इस्तेमाल करने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां जान लेना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं इस बारे में एक्सपर्ट क्या बताते हैं.
ज्यादा गर्म पानी से नहाने पर त्वचा को हो सकता है नुकसान
लोकल 18 से बातचीत करते हुए केसरी राज हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुमन्त कुमार गुप्ता बताते हैं कि सर्दियों की शुरुआत में बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. अगर आप गर्म पानी से नहाना चाहते हैं, तो उसकी जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. अधिक गर्म पानी से नहाने पर शरीर को कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं. इससे त्वचा में रूखापन आने लगता है और उसकी प्राकृतिक नमी कम हो सकती है. इसके अलावा त्वचा की नमी बनाए रखने वाले प्राकृतिक तेल भी प्रभावित होते हैं, जिससे स्किन ड्राई होने लगती है.
बाल झड़ने और डैंड्रफ की बढ़ सकती है समस्या
डॉक्टर के अनुसार, अधिक गर्म पानी से नहाने के कारण त्वचा की नमी खत्म होने लगती है. इसका असर बालों पर भी देखने को मिल सकता है. बालों में रूखापन और डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है. इसके साथ ही शरीर में खुजली और एलर्जी जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं. ऐसे में सर्दियों में गीजर के पानी का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. नहाने से पहले अधिक गर्म पानी में सामान्य तापमान का पानी मिलाकर उसे गुनगुना कर लें. इससे त्वचा के रूखेपन और जलने जैसी समस्याओं से बचने में मदद मिल सकती है.
गीजर का टेंपरेचर 40 से 50 डिग्री के बीच रखें
डॉक्टर सुमन्त कुमार गुप्ता बताते हैं कि अगर आप गीजर से पानी गर्म कर रहे हैं, तो उसका तापमान 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रख सकते हैं. इसके बाद गर्म पानी में सामान्य पानी मिलाकर उसे हल्का गुनगुना कर लें. डॉक्टर के मुताबिक, सामान्य तौर पर शरीर का तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस यानी 98.6 डिग्री फारेनहाइट होता है. इसलिए नहाने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी की जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है.
गर्म पानी से नहाते समय बरतें ये सावधानी
अक्सर लोग सर्दियों में काफी गर्म पानी से नहाते हैं. कई बार पानी का तापमान इतना अधिक होता है कि त्वचा के जलने का खतरा भी रहता है. इसलिए गीजर से पानी निकालने के बाद सीधे इस्तेमाल करने के बजाय उसका तापमान जांच लें. जरूरत पड़ने पर उसमें सामान्य पानी मिलाएं. हल्के गुनगुने पानी से नहाने से त्वचा की प्राकृतिक नमी बनाए रखने में मदद मिलती है और अधिक गर्म पानी से होने वाली परेशानियों का खतरा भी कम हो सकता है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ें