Last Updated:
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने अपने मुंबई कॉन्सर्ट में बम की धमकियों पर खुलकर बात की. शुक्रवार, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में यह शानदार शो हुआ. यह कॉन्सर्ट उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा है. शो से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इसके बावजूद भारी संख्या में फैंस वहां पहुंचे. स्टेज से फैंस को संबोधित करते हुए दिलजीत ने धमकियों का जिक्र किया और मुंबई पुलिस का धन्यवाद भी किया.
नई दिल्ली. पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट इन दिनों चर्चा में है. इसकी वजह सिर्फ उनका शानदार परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि शो से पहले मिली बम की धमकियां भी हैं. मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए इस कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने इन धमकियों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि लोगों को डराकर उनके शो में आने से रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इससे उनका हौसला कम नहीं होगा. दिलजीत ने इस दौरान मशहूर शायर राहत इंदौरी की पंक्तियां भी सुनाईं. हालांकि, उनके भाषण में एक बात ऐसी भी थी, जिसने लोगों का ध्यान खींचा. उन्होंने सुरक्षा जांच में जुटी मुंबई पुलिस की तारीफ की और उनकी जिम्मेदारी को समझने की बात कही. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने दर्शकों से बात करते हुए कहा कि उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है. इसका मकसद लोगों को डराना और उन्हें शो में आने से रोकना है. उन्होंने कहा, ‘आमची मुंबई! दिलजीत को बम से उड़ा देंगे. वाह! इनका मकसद यही है कि दिलजीत के शो में लोग न आएं. उनको डरा दिया जाए, धमका दिया जाए और किसी भी तरीके से रोक दिया जाए.’ फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
इसके बाद सिंगर ने राहत इंदौरी की मशहूर गजल की कुछ पंक्तियां सुनाईं. उन्होंने कहा, ‘बारूदों का मौसम है शहरों में, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है.’ दिलजीत ने दर्शकों को यह भी बताया कि धमकियों के बावजूद उनकी तरफ से सभी के लिए प्यार है. उन्होंने कहा, ‘आप बेशक बम फेंको, लेकिन मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है.’ फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google
दिलजीत ने अपने कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों के साथ-साथ बाहर इंतजार कर रहे दर्शकों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि जितने लोग अंदर हैं, उतने ही लोग बाहर भी फंसे हुए हैं. सुरक्षा जांच के कारण लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है. इस पर उन्होंने पुलिस का बचाव करते हुए कहा, ‘पुलिसवालों की भी मजबूरी है, वो सबको चेक करके भेज रहे हैं. थैंक यू सो मच. मुंबई पुलिस का बहुत-बहुत शुक्रिया.’ फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
सिंगर ने कहा कि वह पुलिस की जिम्मेदारी समझते हैं. सुरक्षा जांच सभी की भलाई के लिए की जा रही है. उन्होंने अपने संगीत और गांव से जुड़े होने की बात भी कही. दिलजीत ने कहा कि उनके गाने गांव की मिट्टी से जुड़े हैं. अगर किसी को उनके गाने समझ नहीं आते, तब भी उनमें गांव की मिट्टी की खुशबू जरूर महसूस होगी. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी. दरअसल, 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला था. इसमें मेयर कार्यालय के अलावा अमिताभ बच्चन के घर जलसा और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. ईमेल में ग्रेनेड हमले की बात भी कही गई थी. इसके बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद कॉन्सर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. कार्यक्रम में 1500 से ज्यादा निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की योजना थी. इसके अलावा एंट्री गेट की संख्या भी बढ़ाई गई थी. पहले तीन गेट पर जांच होती थी, लेकिन इस बार पांच गेट पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
दिलजीत का यह कॉन्सर्ट ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में उन्हें इंदौर में अपने कुछ गानों को लेकर भी पाबंदियों का सामना करना पड़ा था. 15 नवंबर को हुए उनके कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने चार गाने नहीं गाने का निर्देश दिया था. इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा’, ‘केस’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ शामिल थे. तब भी दिलजीत ने राहत इंदौरी का मशहूर शेर पढ़ा था. उन्होंने कहा था कि सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram
दरअसल, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर ने इन गानों के खिलाफ शिकायत की थी. उनका कहना था कि इन गानों में शराब, नशे और हथियारों का जिक्र है. शो में पांच साल से ऊपर के बच्चों को भी आने की अनुमति थी. इसे देखते हुए जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने इन गानों पर रोक का आदेश जारी किया था. इस आदेश में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 22 जुलाई 2019 के एक पुराने निर्देश का भी हवाला दिया गया था. फोटो साभार-@diljitdosanjh/Instagram