Diwali Firecracker Safety Tips: दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है. इस दिन बच्चे हों या बड़े, सभी पटाखे और आतिशबाजी का आनंद लेते हैं. लेकिन थोड़ी सी लापरवाही त्योहार की खुशियों को परेशानी में बदल सकती है. हर साल दिवाली के दौरान पटाखों से जलने, हाथों में चोट लगने और आंखों में बारूद या चिंगारी जाने के कई मामले सामने आते हैं. कई बार जानकारी के अभाव में लोग चोट लगने पर ऐसे घरेलू उपाय अपनाते हैं, जो स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं. इसी को देखते हुए जमशेदपुर के आई सर्जन डॉ. नितिन धीरा ने लोगों को पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने और दुर्घटना होने पर सही प्राथमिक उपचार करने की सलाह दी है. उनका कहना है कि दिवाली के दौरान बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ आंखों और शरीर को पटाखों से होने वाली चोट से बचाना बेहद जरूरी है.
बच्चों को अकेले पटाखे जलाने न दें
डॉ. नितिन धीरा के अनुसार, दिवाली पर सबसे पहले बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए. छोटे बच्चों को तेज आवाज और अधिक जोखिम वाले पटाखे नहीं देने चाहिए. बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे जलाने नहीं भेजना चाहिए. उनके साथ हमेशा किसी बड़े व्यक्ति की मौजूदगी जरूरी है. पटाखे जलाने के लिए खुले और सुरक्षित स्थान का चयन करना चाहिए. बच्चों को जलते पटाखे हाथ में उठाने, दूसरों की ओर पटाखे फेंकने या पटाखों के साथ शरारत करने से रोकना चाहिए. सुरक्षा के लिए आंखों पर प्रोटेक्टिव चश्मा पहनना भी बेहतर विकल्प है.
पटाखे से जल जाए हाथ तो तुरंत करें ये काम
अगर पटाखे की चिंगारी से हाथ या शरीर का कोई हिस्सा जल जाता है, तो सबसे पहले प्रभावित जगह को सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे करीब 20 मिनट तक रखें. इससे जलन कम करने और त्वचा को ठंडा करने में मदद मिलती है. जलने वाली जगह पर भूलकर भी टूथपेस्ट, घी, तेल, बर्फ या किसी तरह की क्रीम और जेल नहीं लगाना चाहिए. इससे घाव की स्थिति बिगड़ सकती है. जले हुए हिस्से को साफ और ढीले कपड़े या नॉन-स्टिक ड्रेसिंग से हल्के से ढकना चाहिए.
डॉ. धीरा के अनुसार, जलने के बाद सूजन आने की आशंका रहती है. ऐसे में हाथ में अंगूठी, चूड़ी, कड़ा या घड़ी पहनी हो तो सूजन बढ़ने से पहले सावधानीपूर्वक उतार देना चाहिए. इसी तरह टाइट कपड़ों को ढीला कर देना चाहिए. हालांकि, अगर कपड़ा जली हुई त्वचा से चिपक गया है तो उसे जबरदस्ती नहीं खींचना चाहिए. बड़े घाव, गहरे जलने या छाले पड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए. गंभीर जलने की स्थिति में घरेलू उपचार के भरोसे नहीं रहना चाहिए.
आंख में चिंगारी या बारूद चला जाए तो न करें ये गलती
पटाखों से आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. डॉ. नितिन धीरा ने आंखों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनके अनुसार, पटाखे की चिंगारी, बारूद या कोई बाहरी कण आंख में चला जाए तो आंख को बिल्कुल नहीं रगड़ना चाहिए. आंख में फंसी किसी चीज को उंगली या कपड़े से निकालने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए. अगर बारूद या कोई रासायनिक पदार्थ आंख में चला गया है तो तुरंत साफ बहते पानी से कम से कम 20 मिनट तक आंख धोएं और इसके बाद नेत्र विशेषज्ञ के पास जाएं. आंख में तेज दर्द, लालिमा, धुंधला दिखाई देना, रोशनी से परेशानी या अचानक नजर कम होने पर बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए. आंख में चोट लगने की स्थिति में खुद से कोई आई ड्रॉप या दवा डालने से बचना चाहिए. समय पर इलाज मिलने से गंभीर नुकसान की आशंका को कम किया जा सकता है.
थोड़ी सी सावधानी से बच सकती है बड़ी दुर्घटना
डॉ. नितिन धीरा ने लोगों से अपील की कि दिवाली मनाते समय थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है. पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर जलाएं. बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें और आंखों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्टिव चश्मे का इस्तेमाल करें. किसी भी तरह की दुर्घटना होने पर घरेलू नुस्खों के बजाय सही प्राथमिक उपचार और डॉक्टर की सलाह लें. त्योहार की असली खुशी तभी है, जब परिवार का हर सदस्य सुरक्षित रहे और दिवाली खुशियों के साथ मनाई जाए.