Last Updated:
बदलते मौसम में लगातार हो रहे तापमान के उतार-चढ़ाव से सर्दी-जुकाम और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, खासकर बच्चों में यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि इस मौसम में सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिएं, खाली पेट बाहर न निकलें और छोटे बच्चों की विशेष देखभाल करें ताकि संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचा जा सके.
मौसम बदल रहा है कभी गर्मी तो कभी बारिश हो रही है. दिन में ही कई बार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. ऐसे मौसम में यदि आप थोड़ी सी लापरवाही करते हैं तो कई बीमारियों के शिकार हो सकते हैं. आइए जानते हैं एक्सपर्ट ने क्या सलाह दी है कि इस मौसम में खुद को कैसे सुरक्षित रखें, ताकि किसी प्रकार की कोई बीमारी न हो और आप स्वस्थ रह सकें.
मौसम के उतार-चढ़ाव में तापमान में हो रहा अधिक बदलाव
लोकल 18 से बात करते हुए केसरी राज हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुमंत कुमार गुप्ता बताते हैं कि वर्तमान में तापमान में काफी अधिक उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिसके कारण छोटे बच्चों में सर्दी-जुकाम के साथ-साथ डायरिया की बीमारी तेजी से फैल रही है और मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है. इस स्थिति में इस मौसम में बीमारियों से बचाव के लिए पूरे शरीर को सूती कपड़ों से ढककर रखें तथा 6 माह से छोटे बच्चों को केवल मां का दूध पिलाएं और उससे बड़े बच्चों को फलों का सेवन अवश्य कराएं. क्योंकि इस मौसम में यदि किसी बच्चे को डायरिया हो जाता है तो उसकी स्थिति गंभीर हो सकती है. डायरिया तीन प्रकार का होता है, इसलिए सावधानी बरतना बहुत जरूरी है.
ये हैं डायरिया के प्रमुख लक्षण
डायरिया के प्रमुख लक्षणों में बच्चों को बार-बार दस्त लगना, उल्टी होना और तेज बुखार शामिल हैं. यह बीमारी सिर्फ बच्चों में ही नहीं, बल्कि बड़ों में भी देखने को मिल रही है. हालांकि बच्चों में यह अधिक होती है क्योंकि उनकी इम्युनिटी पावर कमजोर होती है. मौसम का यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है. इस स्थिति में घर से खाली पेट बाहर न निकलें, समय पर भरपूर पानी पिएं और सूती कपड़ों का प्रयोग करें तथा मुंह को ढककर ही बाहर निकलें.
डायरिया से हर साल होती हैं लाखों मौतें
बदलते मौसम में डायरिया से बचाव बेहद जरूरी है क्योंकि हर साल लगभग 50 लाख लोगों की मौत डायरिया से होती है. डायरिया होने पर लोग खाना-पीना छोड़ देते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है. इसलिए बदलते मौसम में सावधानी बरतें, जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें, खाली पेट बाहर न जाएं और सूती कपड़ों का उपयोग करें. छोटी सी लापरवाही आपको गंभीर बीमारियों की चपेट में ला सकती है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें