- Hindi News
- Business
- Jio IPO Launch & 6G Technology | Akash Ambani Statement On Software Update
7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने दावा किया है कि जब भारत में 6G इंटरनेट आएगा, तो जियो को इसके लिए नए टावर लगाने या नया नेटवर्क बिछाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी अपनी पुरानी तकनीक और नेटवर्क इस्तेमाल करके सिर्फ सॉफ्टवेयर अपडेट करके 6G सर्विस शुरू कर देगी।
यानी आपको 6G इस्तेमाल करने के लिए सिर्फ मोबाइल में एक सॉफ्टवेयर अपडेट करना होगा, बिल्कुल वैसे ही जैसे आप अपने फोन में एप या ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करते हैं।
आकाश अंबानी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहले जब 3G, 4G या 5G आया था, तो पूरे देश में नए टावर लगाने और केबल बिछाने में बहुत समय और पैसा खर्च हुआ था। 6G के लिए यह सब दोबारा नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा कंपनी का टारगेट देश के 10 करोड़ घरों तक ब्रॉडबैंड सर्विस पहुंचाना है।
जियो देश का सबसे बड़ा IPO लाएगी
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की डिजिटल सर्विसेज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 से 23 अक्टूबर तक खुलेगा। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, एंकर इन्वेस्टर्स यानी बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स 19 अक्टूबर से बिडिंग कर सकेंगे।
IPO में कंपनी 27 करोड़ शेयर जारी करेगी। एक शेयर की कीमत यानी प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपए के बीच रहेगी। इनसे कंपनी करीब 30,213 करोड़ रुपए जुटाएगी।
जियो प्लेटफॉर्म्स देश में अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा। इससे पहले 2024 में हुंडई मोटर इंडिया का 27,858 करोड़ रुपए का IPO देश का सबसे बड़ा IPO था।
रिलायंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें…
- 34 करोड़ नए मोबाइल यूजर्स साधने की तैयारी: अगले 5 साल में 10 करोड़ पहली बार फोन लेने वाले और 24 करोड़ पुराने 2G यूजर्स को 4G/5G में शिफ्ट करने का प्लान।
- 10 करोड़ घरों तक ब्रॉडबैंड पहुंचेगा: अभी 2.86 करोड़ घरों में जियो का ब्रॉडबैंड है, जिसे 19,000 पिन कोड्स में फैलाकर 10 करोड़ घरों तक पहुंचाने का टारगेट।
- बैंकों और कंपनियों को डिजिटल बनाएगा: देश की 65% बैंक शाखाएं पहले से जियो नेटवर्क पर हैं। अब ₹5.1 लाख करोड़ के बिजनेस डिजिटल मार्केट पर कंपनी की नजर है।
- विदेशों में बेचेगा अपनी टेक्नोलॉजी: जियो अब अपनी बनाई तकनीक विदेशी टेलीकॉम कंपनियों को बेचेगा, ताकि भारत तकनीक खरीदने के बजाय बाहर बेचने वाला देश बने।
- लंबी सोच और भरोसे पर फोकस: ईशा अंबानी ने बताया कि कंपनी बड़े पैमाने पर काम, सही मैनेजमेंट और वित्तीय अनुशासन के साथ लंबे समय के फायदे पर काम करती है।
कर्मचारियों और शेयरहोल्डर्स के लिए ₹3,000 करोड़ रिजर्व
कंपनी ने आईपीओ में अपने कर्मचारियों और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्वेशन रखा है…
- कर्मचारियों के लिए: एम्प्लॉइज के लिए ₹500 करोड़ तक के शेयर रिजर्व रखे गए हैं।
- एम्पलॉई डिस्काउंट: आवेदन करने वाले कर्मचारियों को हर शेयर पर ₹54 की छूट मिलेगी।
- RIL शेयरहोल्डर्स: एलिजिबल शेयरहोल्डर्स के लिए ₹2,500 करोड़ तक का कोटा है।
- कुल रिजर्वेशन: दोनों कैटेगरी में टोटल ₹3,000 करोड़ का रिजर्वेशन तय किया गया है।
- शेयरों का लॉट: आम निवेशक कम से कम 12 शेयर का एक लॉट खरीद सकते हैं।
जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर है
जियो प्लेटफॉर्म्स इस समय देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर है। FY26 के अंत तक कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 52.44 करोड़ था। एक साल पहले FY25 में यह 48.82 करोड़ था।
रिलायंस की टेक कंपनी है जियो प्लेटफॉर्म्स
जियो प्लेटफॉर्म्स रिलायंस की टेक कंपनी है, जिसका हेडक्वार्टर मुंबई में है। भारत में सबसे बड़ा मोबाइल नेटवर्क चलाने के साथ-साथ यह कंपनी दुनिया की दूसरी टेलीकॉम कंपनियों को भी एडवांस 5G सर्विस और तकनीक देती है। इसके पास 5G से जुड़े सभी जरूरी सॉफ्टवेयर, नेटवर्क सर्विसेज और AI टूल्स मौजूद हैं।
इस तकनीक की मदद से बड़ी कंपनियों और प्राइवेट नेटवर्क्स के लिए 5G का इस्तेमाल करना बेहद आसान हो जाता है, जिसे इंटरनेट क्लाउड पर भी चलाया जा सकता है।