Last Updated:
Ajmer News: अजमेर में राजू नायक और मंजू की शादी की तस्वीरें सास दामाद बताकर वायरल, परिवार ने इसे झूठा बताया, पुलिस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. परिवार के मुताबिक तस्वीर में दिखाई दे रहे युवक का नाम राजू नायक है, जो अजमेर जिले के बाढ़गांव का निवासी है और पेशे से ट्रक चालक है. परिजनों का दावा है कि राजू और मंजू ने करीब एक महीने पहले कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट मैरिज की थी और दोनों पति-पत्नी हैं. परिवार का कहना है कि मंजू विधवा हैं और यह उनका दूसरा विवाह है.
सास दामाद शादी का दावा फर्जी, राजू नायक परिवार ने खोला सच
अजमेर. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक महिला और युवक की शादी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. कई पोस्ट में दावा किया गया कि यह सास और दामाद की शादी है. देखते ही देखते मामला चर्चा का विषय बन गया और अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे बड़ी संख्या में साझा किया जाने लगा.
हालांकि अब इस पूरे मामले में नया मोड़ सामने आया है. वायरल तस्वीरों में दिखाई दे रहे युवक के परिजनों ने सामने आकर इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है. परिवार का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कहानी का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है.
परिजनों ने किया वायरल दावों का खंडन
परिवार के मुताबिक तस्वीर में दिखाई दे रहे युवक का नाम राजू नायक है, जो अजमेर जिले के बाढ़गांव का निवासी है और पेशे से ट्रक चालक है. परिजनों का दावा है कि राजू और मंजू ने करीब एक महीने पहले कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट मैरिज की थी और दोनों पति-पत्नी हैं. परिवार का कहना है कि मंजू विधवा हैं और यह उनका दूसरा विवाह है. उनके अनुसार शादी की तस्वीरों और वीडियो को किसी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया. परिजनों का आरोप है कि झूठी जानकारी प्रसारित होने से दोनों की छवि को नुकसान पहुंचा है.
पुलिस से की शिकायत
मामले को लेकर परिवार ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है. उनका कहना है कि तस्वीरों और वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह किया गया है. परिवार ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने बिना पुष्टि के इस तरह की जानकारी फैलाने का काम किया. राजू नायक से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी वीडियो जारी कर वायरल दावों का खंडन किया गया है. वीडियो में राजू ने कहा कि उनके बारे में गलत जानकारी फैलाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी खबर या पोस्ट पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें और बिना पुष्टि के उसे आगे साझा न करें. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल दावों और परिवार के बयान के बाद मामले को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि सास-दामाद की शादी संबंधी दावे की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें