Last Updated:
दीपावली पर पटाखों से निकले धुएं और बढ़ते प्रदूषण का असर आगरा में पालतू जानवरों की सेहत पर भी देखने को मिला है. वरिष्ठ पशु चिकित्सक संजीव नेहरू के मुताबिक, दिवाली के बाद रोजाना 25 से 30 बीमार पेट्स इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. कई जानवरों को खांसी, आंखों में जलन और फेफड़ों में संक्रमण की समस्या हुई है. कुछ गंभीर मामलों में एक्स-रे और ऑपरेशन तक कराने पड़े हैं.
आगरा: दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया. इस दौरान लोगों ने जमकर आतिशबाजी की. हालांकि, पटाखों और आतिशबाजी के बीच कई हादसों और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं. पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषण की चपेट में इंसानों के साथ बेजुबान जानवर भी आए. इसका असर पालतू जानवरों यानी पेट्स की सेहत पर भी देखने को मिला. दीपावली के बाद आगरा के पशु अस्पतालों में बीमार पेट्स की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
दीपावली के बाद रोजाना 25 से 30 बीमार पेट्स पहुंच रहे अस्पताल
आगरा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक ने बताया कि दीपावली के बाद से लगातार प्रतिदिन 25 से 30 बीमार पालतू जानवर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. इनमें कई पेट्स पटाखों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं. कुछ जानवरों की हालत इतनी गंभीर थी कि उनका जबड़ा तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते ऑपरेशन करना पड़ा. उन्होंने बताया कि पटाखों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के कारण सबसे ज्यादा मामले आंखों में जलन और संक्रमण से जुड़े सामने आए हैं. इसके अलावा अस्थमा और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे पेट्स भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं.
पटाखों के धुएं से पेट्स के फेफड़ों में हुआ गंभीर संक्रमण
आगरा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक संजीव नेहरू ने बताया कि दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण कई पालतू जानवरों को गंभीर खांसी की समस्या हो गई है. उन्होंने कहा कि खांसी और सांस लेने में परेशानी के चलते कई पेट्स ने खाना-पीना तक छोड़ दिया है. इससे वे कमजोर हो रहे हैं और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है. डॉ. संजीव नेहरू ने बताया कि पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषण के कारण कई पालतू जानवरों के फेफड़ों में गंभीर संक्रमण देखने को मिला है. कुछ मामलों में उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए एक्स-रे भी कराने पड़े हैं. रिपोर्ट के आधार पर उन्हें उपचार दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर संक्रमण से उबरने में पालतू जानवरों को करीब एक महीने तक का समय लग सकता है.
त्योहारों पर पेट्स को पटाखों और तेज आवाज से रखें दूर
आगरा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक संजीव नेहरू ने लोगों से अपील की कि भविष्य में आने वाले त्योहारों के दौरान अपने पालतू जानवरों (पेट्स) का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी और बढ़ते प्रदूषण का असर जानवरों की सेहत पर तेजी से पड़ता है. पटाखों का धुआं और तेज आवाज उन्हें बीमार और तनावग्रस्त कर सकती है. ऐसे में पेट्स को पटाखों से दूर और सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है.
खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
उन्होंने सलाह दी कि प्रदूषण बढ़ने पर पालतू जानवरों को अनावश्यक रूप से बाहर न ले जाएं और उनकी सेहत पर नजर रखें. यदि उन्हें खांसी, सांस लेने में परेशानी या आंखों में जलन जैसी समस्या हो तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें. थोड़ी सी सावधानी से उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ें