Last Updated:
Best and Worst Fruits for Empty Stomach: सुबह खाली पेट फल खाना सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन सभी फल इस समय खाने के लिए ठीक नहीं होते हैं. पपीता, सेब और तरबूज जैसे फल खाली पेट खाने के लिए अच्छे माने जाते हैं. कुछ खट्टे फलों का सेवन काली पेट नहीं करना चाहिए. इससे पेट से जुड़ी परेशानियां पैदा हो सकती हैं.
खाली पेट सेब और पपीता खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है.
Empty Stomach Fruit Guide: सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए लोगों को खूब फल खाने चाहिए. फलों में विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये पोषक तत्व शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं. स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ फल खाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सही समय पर खाना भी उतना ही जरूरी माना जाता है. कई लोग सुबह उठते ही खाली पेट फल खा लेते हैं. कुछ फल खाली पेट खाने पर पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं, जबकि कुछ फलों का सेवन गैस, एसिडिटी या पेट की परेशानी बढ़ा सकता है. ऐसे में सभी के लिए जानना जरूरी है कि सुबह खाली पेट कौन से फल खाए जा सकते हैं और किन फलों को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए.
खाली पेट इन फलों को खाना फायदेमंद
गाजियाबाद की डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया पपीता सुबह खाली पेट खाने के लिए सबसे अच्छे फलों में से एक माना जाता है. इसमें पपेन नामक एंजाइम पाया जाता है, जो पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है. इसके अलावा पपीता फाइबर और विटामिन C से भी भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक हल्का और स्वस्थ महसूस करता है.
एक्सपर्ट ने बताया कि सेब में घुलनशील फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. सुबह खाली पेट सेब खाने से पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और दिनभर अनहेल्दी स्नैक्स खाने की इच्छा कम हो सकती है. यह पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा गर्मियों में तरबूज खाली पेट खाने के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जिससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है. यह हल्का और आसानी से पचने वाला फल माना जाता है
नाशपाती में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है. यह पाचन को बेहतर बनाने और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकती है. सुबह के समय इसका सेवन कई लोगों के लिए लाभदायक हो सकता है. अगर आपको एसिडिटी की समस्या नहीं है, तो विटामिन C से भरपूर फल जैसे संतरा और मौसमी भी सुबह खाए जा सकते हैं. ये इम्यूनिटी मजबूत करने में मददगार हैं.
खाली पेट इन फलों से करना चाहिए परहेज
नींबू, ग्रेपफ्रूट और कुछ अन्य अत्यधिक खट्टे फल सेंसिटिव पेट वाले लोगों में एसिडिटी या पेट में जलन बढ़ा सकते हैं. जिन लोगों को गैस्ट्रिक समस्याएं रहती हैं, उन्हें खाली पेट इनका सेवन करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. अनानास में प्राकृतिक एसिड और एंजाइम पाए जाते हैं. कुछ लोगों में खाली पेट इसका सेवन पेट में असहजता या जलन की वजह बन सकता है. इसलिए इसे खाने के साथ या बाद में खाना बेहतर माना जाता है. अमरूद पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन कुछ लोगों में खाली पेट इसका सेवन गैस या पेट फूलने की समस्या पैदा कर सकता है.
केला एनर्जी का अच्छा सोर्स है, लेकिन खाली पेट बहुत ज्यादा केले खाने से कुछ लोगों को भारीपन महसूस हो सकता है. इसलिए संतुलित मात्रा में ही इसका सेवन करना बेहतर होता है. फल हमेशा ताजे और अच्छी तरह धोकर खाएं. अगर आपको डायबिटीज, एसिडिटी या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो फल चुनते समय डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर रहेगा. हर व्यक्ति का पाचन तंत्र अलग होता है. जो फल एक व्यक्ति को सूट करता है, जरूरी नहीं कि वह दूसरे व्यक्ति के लिए भी उतना ही लाभदायक हो. इसलिए अपने शरीर के अनुसार खानपान में बदलाव करना बेहतर तरीका है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें