Last Updated:
बॉलीवुड में एक समय ऐसी फिल्में बनती थीं, जो अपनी दमदार कहानी और बेबाक अंदाज से दर्शकों को थिएटर लाने में मजबूर कर देती थीं. ऐसी ही एक फिल्म है, मनोज बाजपेयी की ‘शूल’. अब एक्टर ने खुलासा किया है कि आखिर उस दौर में ऐसी लीक से हटकर फिल्में कैसे बनती थीं और राम गोपाल वर्मा की बागी सोच ने क्या परिवर्तन लाकर दिया था. साथ ही उन्होंने फिल्म के एक ऐसे सीन का किस्सा भी सुनाया, जिसके लिए उन्हें 200-300 बार कोशिश करनी पड़ी थी.
नई दिल्ली. बॉलीवुड में एक दौर ऐसा भी था, जब कम बजट और दमदार कहानी के दम पर ऐसी फिल्में बनती थीं, जो दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ जाती थीं. मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘शूल’ भी उन्हीं फिल्मों में से एक है. साल 1999 में आई इस फिल्म में न सिर्फ भ्रष्ट व्यवस्था की सच्चाई दिखाई गई थी, बल्कि मनोज की दमदार एक्टिंग ने भी दर्शकों को खूब प्रभावित किया था. अब अभिनेता ने बताया है कि आखिर उस दौर में ‘शूल’ जैसी फिल्में कैसे बन पाती थीं और आज के समय में ऐसी फिल्में बनाना मुश्किल क्यों हो गया है.
इन दिनों मनोज बाजपेयी अपनी फिल्म ‘गजब रात’ को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में फिल्म ‘शूल’ से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं. अभिनेता ने बताया कि उस समय फिल्म इंडस्ट्री में कुछ ऐसे लोग थे, जो पुराने ढर्रे पर चलने के बजाय कुछ नया और अलग करना चाहते थे. राम गोपाल वर्मा भी उन्हीं लोगों में शामिल थे. मनोज के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा का अंदाज काफी बागी था और वह पारंपरिक तरीके से फिल्में बनाने में यकीन नहीं रखते थे.
मनोज ने बताया कि उस दौर में प्रोड्यूसर्स आमतौर पर इस तरह की फिल्मों को ज्यादा समर्थन नहीं देते थे. लेकिन राम गोपाल वर्मा ने अपने साथ ऐसे जुनूनी और नए विचारों वाले युवाओं को जोड़ा, जो लीक से हटकर काम करना चाहते थे. उनके इसी हौसले और सोच की वजह से ‘शूल’ जैसी फिल्में बन पाईं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने फिल्म के एक ऐसे सीन का भी जिक्र किया, जिसे वह आज तक नहीं भूल पाए हैं. यह फिल्म का आखिरी हिस्सा था, जिसमें उनका एक लंबा स्पीच वाला सीन था. अभिनेता ने बताया कि उन्होंने इस स्पीच को सिर्फ एक टेक में पूरा किया था. हालांकि, इसे एक बार में सही तरीके से शूट करने के लिए उन्होंने पहले करीब 200 से 300 बार इसकी प्रैक्टिस की थी.
मनोज के मुताबिक, उस समय फिल्म की शूटिंग के तरीके भी आज से काफी अलग थे. कैमरों में आवाज होती थी और उनमें इस्तेमाल होने वाली मैगजीन की रिकॉर्डिंग क्षमता भी सीमित रहती थी. कुछ मिनटों के बाद उसे बदलना पड़ता था. इसलिए पूरे सीन की शूटिंग पहले से तय योजना के मुताबिक की गई थी. कैमरा कब चलेगा, डायलॉग कहां से शुरू होगा और किस पल क्या करना है, हर छोटी बात का ध्यान रखा गया था.
अभिनेता ने माना कि यह सीन उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन इसे शूट करने का अनुभव बेहद शानदार रहा. उन्होंने कहा कि उस दौर में फिल्में बनाने का अपना अलग ही मजा था.
साल 1999 में रिलीज हुई ‘शूल’ एक क्राइम-एक्शन ड्रामा फिल्म थी. इसका निर्देशन ईश्वर निवास ने किया था, जबकि राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसे प्रोड्यूस भी किया था. फिल्म में मनोज बाजपेयी ने इंस्पेक्टर समर प्रताप सिंह का किरदार निभाया था.
प्रताप सिंह एक ईमानदार पुलिस अधिकारी होते हैं, जो बिहार के मोतिहारी में फैले भ्रष्टाचार, अपराध और राजनीतिक दबदबे के खिलाफ आवाज उठाते हैं. फिल्म की कहानी और मनोज की शानदार अदाकारी ने इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया.