Last Updated:
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने एक बार फिर अपने शानदार अभिनय से ऐसा जादू चलाया कि दिग्गज फिल्ममेकर महेश भट्ट भी भावुक हो गए. सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अनुपम का किरदार देखकर महेश भट्ट की आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने एक्टर की तारीफ करते हुए कहा कि जो कलाकार बिना कुछ बोले, सिर्फ अपनी खामोशी से दिल को छू ले, वही असली अभिनेता है. इस दौरान उन्होंने अनुपम के साथ फिल्म ‘सारांश’ से जुड़ी पुरानी यादें भी शेयर कीं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने एक बार फिर अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया है. इस बार उनकी तारीफ करने वालों में मशहूर फिल्ममेकर महेश भट्ट भी शामिल हैं. सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अनुपम खेर का अभिनय देखकर महेश भट्ट इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. खास बात यह है कि फिल्म में अनुपम ने बिना ज्यादा कुछ बोले ही अपने हाव-भाव से ऐसा असर छोड़ा कि महेश भट्ट खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए.
महेश भट्ट ने अनुपम खेर को एक खास पत्र लिखकर अपने दिल की बात कही. उन्होंने बताया कि अनुपम को पर्दे पर एक दादा के किरदार में देखकर उन्हें उनकी पुरानी फिल्म ‘सारांश’ याद आ गई. भट्ट के मुताबिक, अनुपम ने इस फिल्म में बहुत कम संवाद बोले, लेकिन उनकी खामोशी और चेहरे के भावों ने दर्शकों के दिल तक अपनी बात पहुंचा दी.
महेश भट्ट ने अपने पत्र में एक पुराना किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि एक बार उनकी मुलाकात एक अमेरिकी चित्रकार से हुई थी. बातचीत के दौरान उन्होंने उस चित्रकार से पूछा था कि उनकी नजर में दुनिया का सबसे बेहतरीन अभिनेता कौन है. उन्होंने अल पचीनो और रॉबर्ट डी नीरो जैसे नामों का जिक्र किया, लेकिन चित्रकार ने मार्लन ब्रैंडो को सबसे महान बताया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चित्रकार ने इसकी वजह बताते हुए कहा था कि ब्रैंडो बिना कुछ बोले भी अपने अभिनय से दिल को गहराई तक छू लेते हैं. किसी इंसान के खड़े होने का तरीका और उसकी नजरें ही बता देती हैं कि वह अंदर से कैसा है. महेश भट्ट ने लिखा कि अनुपम खेर को ‘ये प्रेम मोल लिया’ में देखकर उन्हें उस चित्रकार की बात का असली मतलब समझ आ गया. उनके मुताबिक, जो अभिनेता अपनी खामोशी से भी किसी के दिल तक पहुंच जाए, वही सच्चे मायने में अभिनेता कहलाने के लायक है.
महेश भट्ट ने ‘सारांश’ और ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अनुपम खेर के किरदारों के बीच एक खास समानता भी बताई. उन्होंने कहा कि दोनों ही किरदारों में इंसानी भावनाओं और दूसरों के दर्द को समझने की गहरी भावना दिखाई देती है.
भट्ट ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने ‘सारांश’ बनाई थी, तब अनुपम की उम्र करीब 20 साल थी. उस समय उन्होंने अनुपम को समझाया था कि अपने सामने खड़े उस इंसान के दर्द को भी महसूस करना सीखो, जो तुम्हारी सबसे बड़ी ख्वाहिश के रास्ते में रुकावट बना हुआ है.
महेश भट्ट के मुताबिक, सालों बाद उन्हें अनुपम के अभिनय में वही बात फिर देखने को मिली. फिल्म में अनुपम घर की महिलाओं के हक के लिए आवाज उठाते हैं, लेकिन जिस शख्स के खिलाफ खड़े होते हैं, उसके लिए भी उनकी आंखों में अपनापन और प्यार नजर आता है. यही बात उन्हें सबसे ज्यादा छू गई.
अपने पत्र के आखिर में महेश भट्ट ने लिखा कि काश अनुपम इस वक्त उनके पास होते, तो वह उन्हें गले लगा लेते. उन्होंने अभिनेता पर गर्व जताते हुए अपना प्यार जाहिर किया. वहीं, महेश भट्ट से इतनी खूबसूरत तारीफ मिलने पर अनुपम खेर ने खुद को दुनिया का सबसे खुशनसीब इंसान बताया.