Last Updated:
स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की टिप्पणी पर एक्ट्रेस नीतू चंद्रा जमकर का गुस्सा फूट पड़ा है. उन्होंने इसे महज मजाक मानने से इनकार करते हुए साफ कहा कि यह हमारी आस्था, गरिमा और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा का सीधा अपमान है. नीतू के मुताबिक, बिना वजह और परंपराओं की समझ के ऐसी बातें करना कॉमेडी नहीं हो सकता. उन्होंने कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर भड़कीं नीतू चंद्रा. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. बिहार की महिलाओं के सिंदूर लगाने को लेकर स्टैंड अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की हालिया टिप्पणी पर एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कॉमेडी के नाम पर इस तरह की बातें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. नीतू चंद्रा का मानना है कि परंपराओं और महिलाओं की भावनाओं से खिलवाड़ करना गलत है. उन्होंने इस मामले में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
नीतू चंद्रा ने कहा कि एक महिला के तौर पर और बिहार से ताल्लुक रखने वाली एक औरत के नाते, मैं बता दूं कि सिंदूर हमारे सनातन धर्म की एक परंपरा है जो सदियों से चली आ रही है. ऐसी अमानवीय टिप्पणियां करने वालों को तो जेल हो जानी चाहिए, क्योंकि छठ पूजा के दौरान महिलाएं सिंदूर लगाती हैं और इस पर ऐसी टिप्पणी करना, जबकि उन्हें खुद पता भी नहीं है कि इसके पीछे क्या कारण हैं, यह कमेंट बहुत ही भद्दा और पूरी तरह से अपमानजनक है.
नीतू चंद्रा ने कहा कि यह कॉमेडी नहीं है
उन्होंने कहा कि अगर कोई इतनी घिनौनी और भद्दी बातें कह सकता है, तो यह कॉमेडी नहीं है. मैं इसे एक अपमान के रूप में देखती हूं. कम से कम ऐसे लोगों को जेल तो जरूर होनी चाहिए. नीतू ने यह भी सुझाव दिया कि कॉमेडियन के माता-पिता से भी पूछताछ होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि उसकी परवरिश कैसी हुई है.
हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अपमान
नीतू ने कहा कि उन्हें ऐसी बातों पर टिप्पणी करने में भी शर्म आ रही है. मैंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि कोई ऐसी बात भी कह सकता है. मेरा मतलब है कि यह हमारी आस्था, हमारी गरिमा और हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अपमान है. मुझे समझ नहीं आ रहा कि इस पर क्या कहूं. मुझे इस बारे में बात करने में भी बहुत शर्म आ रही है.
यश माहेश्वरी की टिप्पणी पर भड़कीं नीतू चंद्रा
नीतू चंद्रा ने कहा कि कहीं न कहीं, हमें खुद भी आत्म-चिंतन करने की जरूरत है. बिहार के लोगों के तौर पर हम सभी को सोचना चाहिए कि आखिर किसी की इतनी हिम्मत कैसे हो गई कि वह पूजा और सिंदूर के बारे में इतनी बड़ी बात इस तरह से कह सके.
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें