Last Updated:
अपनी शानदार अदाकारी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले एक्टर रवि किशन के सफल होने का सफर आसान नहीं रहा है. हाल ही में माधुरी दीक्षित के क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में पहुंचे रवि किशन ने अपने मुंबई के शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद कर सबको भावुक कर दिया. उन्होंने बताया कि करियर के मुश्किल दौर में जब जेब खाली होती थी, तब उन्होंने पूरी मुंबई पैदल नापी थी और वड़ा पाव ही उनका सबसे सच्चा साथी हुआ करता था.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर रवि किशन हाल ही में माधुरी दीक्षित के मराठी क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में नजर आए. शो के दौरान हंसी-मजाक और दिलचस्प किस्सों के बीच रवि किशन ने अपने मुंबई के शुरुआती संघर्ष के दिनों को भी याद किया. माधुरी दीक्षित से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि करियर के कठिन दौर में जब जेब खाली होती थी, तब मुंबई का वड़ा पाव ही उनका सबसे सच्चा साथी बना. आज कामयाबी के शिखर पर पहुंचने के बाद भी वह अपने उन दिनों को नहीं भूले हैं.
उन्होंने याद किया कि कैसे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही उनका लगातार साथी बन गया था. उन्होंने कहा, ‘वो बहुत खूबसूरत दिन थे. मेरे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही मेरा सच्चा साथी था. मैंने पूरा मुंबई पैदल घूमा है, तब जब इसे बॉम्बे कहा जाता था. लोग चलकर आगे बढ़ते हैं लेकिन मैं आज जहां हूं, वहां रेंगकर पहुंचा हूं. मैं धीरे-धीरे ऊपर उठा हूं.’ (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
रवि किशन ने ये भी याद किया कि मुंबई से उनका नाता एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में करियर शुरू होने से काफी पहले से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि उनका जन्म बांद्रा में हुआ था और बाद में हालात बदलने पर वो अपने परिवार के साथ वापस बनारस चले गए थे. (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने यह बताया कि उनके पिता दूध का बिजनेस करते थे और मुंबई में बचपन के दौरान वह गणपति विसर्जन की झांकियां देखते थे. इन्हीं झांकियों में नाचते हुए उन्हें डांस में दिलचस्पी पैदा हुई थी. रवि किशन ने कहा कि उनके मुश्किल भरे वो साल एक कलाकार के तौर उनके सफर का एक अहम हिस्सा बन गए थे. (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
इसके साथ ही रवि किशन ने उस अफवाह पर भी बात की, जिसमें कहा गया कि वह 20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाते हैं. शो में हंसी-मजाक के बीच माधुरी ने उनसे पूछा कि खुद के बारे में सुनी किस अफवाह पर उन्हें सबसे ज्यादा हंसी आती है. इस सवाल पर रवि किशन ने मुस्कुराते हुए 20 लीटर दूध और गुलाब की पंखुड़ियों से नहाने वाली इसी वायरल बात का जिक्र किया.(फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
रवि किशन ने हंसते हुए बताया कि जब उन्होंने सुना कि लोग कहते हैं वह 20 लीटर दूध से नहाकर शॉट देने आते हैं, तो वह हंसते-हंसते लोटपोट हो गए. इस पर उन्होंने एक मजेदार किस्सा भी बताया. रवि ने कहा कि छठ पूजा के दौरान वह पूरी रात गोरखपुर के घाटों पर घूमते रहे और सुबह फ्लाइट पकड़कर सीधे शूटिंग पर पहुंचे. वह अपनी वैनिटी वैन में तैयार हुए, लेकिन वहां न 20 लीटर दूध था और न ही गुलाब की पंखुड़ियां. (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
रवि किशन ने माधुरी दीक्षित से कहा कि वह उनके साथ काम कर चुकी हैं और बखूबी जानती हैं कि क्या वह शूटिंग से पहले वाकई ऐसा कुछ करते हैं. इस पर माधुरी ने इन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने बताया कि रवि अक्सर रातभर का लंबा सफर तय करके सीधे सेट पर पहुंचते थे और आते ही बिना किसी नखरे के काम के लिए तैयार हो जाते थे. माधुरी के मुताबिक, रवि असल जिंदगी में वैसे बिल्कुल नहीं हैं, जैसी बातें उनके बारे में फैलाई जाती हैं. (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)
वर्क फ्रंट की बात करें तो रवि किशन जल्द ही अनुपम खेर की फिल्म ‘खोसला का घोंसला 2’ में नजर आएंगे. यह फिल्म एक बार फिर मध्यमवर्गीय परिवार के संघर्ष, जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों और एक बड़े ठग की वजह से पैदा होने वाली उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएंगी, इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत भागिया ने किया है और इसमें पुरानी कास्ट के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे. (फोटो साभार: Instagram@ravikishann)