Last Updated:
नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस सीरीज के भारत में प्रसारण पर रोक लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. इतना ही नहीं, संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया पर बैन लगाने और भारतीय कलाकारों से इस प्लेटफॉर्म का बहिष्कार करने की अपील भी की है. अब देखना होगा कि 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस सीरीज पर उठे विवाद के बीच नेटफ्लिक्स क्या कदम उठाता है.
सीरीज को लेकर नहीं थम रहा विवाद
नई दिल्ली. नेटफ्लिक्स की एक पाकिस्तानी सीरीज रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. सीरीज का नाम ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ है, जिसे 4 दिसंबर 2026 को रिलीज किया जाना है. लेकिन भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और वहां के एंटरटेनमेंट कंटेंट को दिखाए जाने का विरोध शुरू हो गया है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में रिलीज रोकने की मांग की है.
एसोसिएशन सिर्फ इस सीरीज पर रोक लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहता. उसने नेटफ्लिक्स इंडिया पर प्रतिबंध लगाने और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई है. एआईसीडब्ल्यूए का आरोप है कि नेटफ्लिक्स ने सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया है.एसोसिएशन ने अपने पत्र में साफ कहा है कि 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस पाकिस्तानी सीरीज को भारत में किसी भी हाल में प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए. साथ ही इसके प्रचार पर भी तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है. संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया के सीईओ और मामले से जुड़े दूसरे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की बात कही है.
भारत में रिलीज नहीं होगा टाइटल
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टाइटल भारत में रिलीज नहीं किया जाएगा. इस मामले से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि नेटफ्लिक्स की टीम ने संबंधित सरकारी अधिकारियों से बातचीत की थी. इसके बाद सरकार की ओर से 2025 में जारी की गई एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए भारत में इस टाइटल को उपलब्ध नहीं कराने का फैसला लिया गया.सूत्र के मुताबिक, भले ही पाकिस्तानी कंटेंट अभी भी भारत में कई दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है, लेकिन नेटफ्लिक्स का यह फैसला भारत के मौजूदा भू-राजनीतिक हालात और देश के रुख को ध्यान में रखकर लिया गया है.
पाकिस्तानी कंटेंट पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग
एआईसीडब्ल्यूए ने अपनी मांगों का दायरा बढ़ाते हुए पाकिस्तानी कंटेंट के दूसरे माध्यमों पर भी रोक लगाने की बात कही है. इसमें पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट और वहां के यूट्यूब चैनल भी शामिल हैं. संगठन ने भारतीय फिल्म और मनोरंजन जगत से नेटफ्लिक्स का बहिष्कार करने की अपील की है. उसने कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और दूसरे फिल्मकर्मियों से कहा है कि वे इस प्लेटफॉर्म के लिए अपना कंटेंट न बनाएं और न ही उसे उपलब्ध कराएं. इतना ही नहीं, एसोसिएशन ने आम दर्शकों से भी नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की अपील की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर सीरीज भारत में रिलीज हुई तो उसके सदस्य नेटफ्लिक्स के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे. एआईसीडब्ल्यूए ने अपने पत्र में कहा है कि देश के सैनिकों का बलिदान बिकाऊ नहीं है और भारतीय स्क्रीन पर पाकिस्तान के कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए.
क्या है ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी?
विवादों में आई यह सीरीज नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है. इसकी कहानी मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है. इस उपन्यास को सबसे पहले 2009 में ‘खवातीन डाइजेस्ट’ में धारावाहिक के तौर पर छापा गया था. बाद में 2013 में इसे किताब के रूप में प्रकाशित किया गया. सीरीज की कहानी में तीन पीढ़ियों के छह प्रेम प्रसंग दिखाए जाएंगे. इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है. इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, इकरा अजीज, माया अली और बिलाल अशरफ जैसे जाने-माने पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे.
बता दें कि सीरीज की शूटिंग पाकिस्तान के साथ-साथ इटली और ब्रिटेन में भी की गई है. नेटफ्लिक्स ने इसका अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को तय किया है. हालांकि, भारत में इसकी रिलीज को लेकर उठे विरोध के बाद अब इस सीरीज पर सबकी नजरें टिकी हैं.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…
और पढ़ें