भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और बिहार बीजेपी एमएलसी पवन सिंह ने 29 नवंबर 2026 को एक ऐसा ऐलान किया, जिसने मनोरंजन जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी मां और बड़े भाई को छोड़कर पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने की घोषणा कर दी. पवन सिंह ने लिखा कि अब उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है. हालांकि, उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह के लिए जान तक देने की बात कही.
पवन सिंह के इस फैसले के पीछे की असली वजह उन्होंने स्पष्ट नहीं की है. लेकिन उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे तलाक और गुजारा भत्ता के मुकदमे के बीच इस ऐलान ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है. क्या पवन सिंह ने एलिमनी यानी गुजारा भत्ता की संभावित बड़ी रकम से बचने के लिए परिवार से दूरी बनाई है? क्या वह क्रिकेटर हार्दिक पांड्या की तरह अपनी संपत्ति को परिवार के नाम करके पत्नी को मिलने वाली रकम कम करने की कोशिश कर रहे हैं?
पवन सिंह की पत्नी का वीडियो वायरल हो रहा है. (फोटो साभार: Instagram@jyotipsingh999@singhpawan999@)
पवन सिंह ने परिवार से क्यों तोड़ा रिश्ता?
इस पोस्ट में उन्होंने न तो संपत्ति के बंटवारे की बात की और न ही पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे कानूनी विवाद को इस फैसले की वजह बताया. लेकिन यह ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब बलिया की फैमिली कोर्ट में ज्योति सिंह की ओर से दायर भरण-पोषण का मामला चल रहा है. इसलिए इस फैसले को उनकी आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.
कितनी संपत्ति के मालिक हैं पवन सिंह?
मई 2024 में पीटीआई की रिपोर्ट में पवन सिंह की कुल संपत्ति 16.75 करोड़ रुपये बताई गई थी. वहीं, जून 2026 में बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे पर आधारित रिपोर्ट के आधार पर उनकी संपत्ति बढ़कर करीब 19.44 करोड़ रुपये हो गई थी. यानी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद घोषित संपत्ति में लगभग 2.7 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई.
क्या हार्दिक पांड्या की तरह संपत्ति बचाने की कोशिश कर रहे हैं पवन सिंह?
पवन सिंह के परिवार से रिश्ते खत्म करने के ऐलान के बाद क्रिकेटर हार्दिक पांड्या का मामला भी चर्चा में आ सकता है. हार्दिक पांड्या और उनकी पूर्व पत्नी नताशा स्टेनकोविक के तलाक के समय संपत्ति को लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं. जुलाई 2024 में हार्दिक और नताशा ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया था. इसके बाद मीडिया में खबरें आईं कि नताशा हार्दिक की संपत्ति का 70 प्रतिशत हिस्सा मांग सकती हैं. हालांकि, इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. उस दौरान हार्दिक का एक पुराना वीडियो भी चर्चा में आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी संपत्ति उनके अकेले के नाम पर नहीं है और परिवार के सदस्य भी संपत्तियों में हिस्सेदार हैं.
क्या कहता है कानून?
कानूनी जानकारों की मानें तो इस तरह की चर्चा और कानून में बड़ा अंतर है. किसी व्यक्ति के परिवार के नाम पर संपत्ति होने का मतलब यह नहीं कि वह अपनी वैवाहिक जिम्मेदारियों से मुक्त हो गया. अदालत वास्तविक आय, संपत्ति में हिस्सेदारी, आर्थिक क्षमता और लेन-देन की परिस्थितियों को देख सकती है. पवन सिंह के मामले में भी अभी ऐसा कोई सार्वजनिक प्रमाण नहीं है कि उन्होंने हार्दिक पांड्या जैसी कोई संपत्ति संबंधी व्यवस्था की है या परिवार से रिश्ता तोड़ने का फैसला इसी उद्देश्य से लिया है.
हार्दिक पंड्या तिरुपति बालाजी मंदिर में अपनी गर्लफ्रेंड महिका शर्मा के साथ
तलाक के बाद क्या पत्नी को पति की आधी संपत्ति मिलती है?
भारतीय कानून में तलाक होने पर पत्नी को मुंहमांगी रकम नहीं मिलती है. पत्नी को मिलने वाली आर्थिक सहायता यानी एलिमनी या भरण-पोषण का निर्धारण अदालत करती है. इसके लिए कई बातों पर विचार किया जाता है. हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 की धारा 24 के तहत मुकदमे के दौरान अंतरिम भरण-पोषण और कानूनी खर्च मांगा जा सकता है. वहीं धारा 25 के तहत स्थायी एलिमनी या एकमुश्त अथवा नियमित आर्थिक सहायता देने का आदेश दिया जा सकता है.
अदालत इन बातों को ध्यान में रखती है
- पति की वास्तविक आय और आर्थिक स्थिति.
- पत्नी की अपनी आय और संपत्ति.
- शादी के दौरान दोनों का जीवन स्तर.
- पत्नी की जरूरतें और आर्थिक निर्भरता.
- शादी की अवधि और दोनों पक्षों की परिस्थितियां.
- पति की अन्य कानूनी जिम्मेदारियां और देनदारियां.
इसलिए पवन सिंह की 19.44 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति को सीधे ज्योति सिंह की एलिमनी नहीं माना जा सकता. लेकिन उनकी आर्थिक क्षमता का आकलन करते समय यह अहम दस्तावेज हो सकता है.
क्या पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला सुप्रीम कोर्ट पहंचेगा?
यह इस पूरे विवाद का सबसे महत्वपूर्ण कानूनी सवाल है. मान लीजिए किसी व्यक्ति के नाम पर कोई मकान या जमीन नहीं है, लेकिन उसके माता-पिता और भाई के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति है. क्या तलाक के बाद पत्नी उस संपत्ति में हिस्सा मांग सकती है? इसका जवाब संपत्ति के मालिकाना हक और उसके स्वरूप पर निर्भर करेगा. अगर मकान या जमीन माता-पिता ने अपनी कमाई से खरीदी है और उसका मालिकाना हक उन्हीं के पास है, तो पत्नी को सिर्फ शादी के आधार पर उस संपत्ति में आधा हिस्सा नहीं मिल जाता.