High Protein Snacks: दिनभर कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठकर काम करना, लगातार मीटिंग्स और डेडलाइन का दबाव-इन सबके बीच सबसे पहले असर हमारी खाने की आदतों पर पड़ता है. अक्सर ऑफिस में शाम होते-होते भूख लगती है और हाथ सीधे चिप्स, नमकीन, बिस्कुट या मीठे स्नैक्स की तरफ बढ़ जाते हैं. ये चीजें तुरंत स्वाद तो देती हैं, लेकिन थोड़ी ही देर में सुस्ती, थकान और दोबारा भूख का एहसास होने लगता है, अगर आप भी दिनभर एक्टिव रहना चाहते हैं और बार-बार अनहेल्दी स्नैकिंग से बचना चाहते हैं, तो अपनी डेस्क पर हाई प्रोटीन स्नैक्स रखना एक आसान और असरदार तरीका हो सकता है.
प्रोटीन न सिर्फ पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, बल्कि ऊर्जा बनाए रखने और मसल्स को सपोर्ट करने में भी मदद करता है. अच्छी बात यह है कि भारतीय रसोई में ऐसे कई विकल्प मौजूद हैं, जिन्हें आसानी से तैयार करके ऑफिस ले जाया जा सकता है.
ऑफिस स्नैकिंग की आदत क्यों बदलनी चाहिए?
ज्यादातर पैक्ड स्नैक्स में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, ज्यादा नमक और अनहेल्दी फैट होता है. इन्हें खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और फिर अचानक गिर जाता है. यही वजह है कि कुछ देर बाद फिर से भूख लगने लगती है. इसके उलट, प्रोटीन से भरपूर स्नैक्स धीरे-धीरे पचते हैं और लंबे समय तक संतुष्टि का एहसास कराते हैं. इससे ओवरईटिंग की संभावना भी कम हो जाती है.
ये 7 हाई प्रोटीन स्नैक्स बन सकते हैं आपके ऑफिस पार्टनर
1. चाट मसाला वाले पनीर क्यूब्स
अगर आपके ऑफिस में फ्रिज की सुविधा है, तो पनीर क्यूब्स सबसे आसान और स्वादिष्ट विकल्प हैं. छोटे-छोटे टुकड़ों पर थोड़ा चाट मसाला, काली मिर्च या चिली फ्लेक्स डालें और डिब्बे में पैक कर लें.
इसे तैयार करने में मुश्किल से पांच मिनट लगते हैं और यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है.
2. भुना हुआ चना
जब बात सस्ते, आसान और बिना झंझट वाले स्नैक की हो, तो भुना चना सबसे आगे रहता है. इसे फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती और इसे कहीं भी आसानी से ले जाया जा सकता है. दोपहर की सुस्ती के दौरान एक मुट्ठी भुना चना आपको चिप्स और नमकीन खाने से रोक सकता है.
3. मूंग स्प्राउट चाट
अंकुरित मूंग प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत मानी जाती है. इसमें कटा प्याज, टमाटर, धनिया, नींबू का रस और हल्का नमक मिलाकर स्वादिष्ट चाट तैयार की जा सकती है. यह हल्का होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी है और अगले भोजन तक आपको एनर्जी देता रहता है.
4. मूंगफली चाट
उबली या भुनी हुई मूंगफली में प्रोटीन के साथ हेल्दी फैट भी भरपूर मात्रा में होता है. इसमें खीरा, प्याज, टमाटर, हरा धनिया और नींबू मिलाकर झटपट स्नैक तैयार किया जा सकता है. यह कुरकुरापन और स्वाद दोनों देता है, बिना भारीपन महसूस कराए.
5. फलों के साथ ग्रीक योगर्ट
अगर आपको हल्का और ठंडा स्नैक पसंद है, तो बिना चीनी वाला ग्रीक योगर्ट एक बढ़िया विकल्प है. इसमें अपनी पसंद के फल जैसे सेब, बेरी या केला मिलाया जा सकता है. दही में मौजूद प्रोटीन भूख को नियंत्रित करने में मदद करता है, जबकि फल प्राकृतिक मिठास देते हैं. यह मीठे डेजर्ट और पैक्ड स्नैक्स का बेहतर विकल्प बन सकता है.
6. बेसन चीला रोल्स
सुबह घर पर बेसन का चीला बनाकर उसमें पनीर, सब्जियां या हरी चटनी भरकर रोल तैयार करें. इसे लंच बॉक्स में आसानी से पैक किया जा सकता है. बेसन में मौजूद प्रोटीन और सब्जियों का फाइबर मिलकर इसे काफी संतोषजनक स्नैक बना देते हैं.
7. काली मिर्च के साथ उबले अंडे
नॉन-वेज खाने वालों के लिए उबले अंडे सबसे आसान और भरोसेमंद विकल्प हैं. इन्हें तैयार करना आसान है और ऑफिस में दोबारा पकाने की जरूरत भी नहीं पड़ती. दो उबले अंडे, ऊपर से थोड़ी काली मिर्च और नमक-यह कॉम्बिनेशन लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकता है.
छोटी तैयारी, बड़ा फर्क
एक हेल्दी स्नैकिंग रूटीन अपनाने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती. बस हफ्ते की शुरुआत में थोड़ी प्लानिंग कर लें और रोजाना एक हाई प्रोटीन विकल्प अपने बैग में रखें. इससे न सिर्फ आपकी ऊर्जा बनी रहेगी, बल्कि अनहेल्दी खाने की आदत भी धीरे-धीरे कम हो जाएगी.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)