Last Updated:
Why UTI Coming Back: पेशाब में इंफेक्शन होने पर मन में खींझ होने लगती है क्योंकि इसके कारण बार-बार पेशाब में जलन, खुजली और पेशाब करने में दिक्कत पेश आने लगती है. आमतौर पर एंटीबायोटिक लेने के बाद यूटीआई ठीक हो जाता है लेकिन कुछ लोगों में यह बार-बार लौट के आ जाता है. इससे बहुत ज्यादा तकलीफ होती है. आखिर क्या कारण है कि कुछ लोगों में यूटीआई की दिक्कत बार-बार लौट आती है. इसके लिए हमने वीएनए अस्पताल, नई दिल्ली में यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत मल्होत्रा से बात की.
यूटीआई को कैसे करें कंट्रोल. Photo : AI
Why UTI Coming Back: यूटीआई इंफेक्शन मतलब यूरेनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन. पेशाब के रास्ते में जब किसी तरह का इंफेक्शन हो जाए तो इसे यूटीआई इंफेक्शन कहा जाता है. आमतौर पर इसके लिए कुछ प्रकार के बैक्टीरिया पेशाब के रास्ते से पेशाब की थैली या पेशाब से संबंधित अन्य अंगों में पहुंच जाता है और ये अंदरुनी परत में चिपक जाता है. इसके बाद यह तेजी से ग्रोथ करने लगता है. जब ये बढ़ने लगता है तो प्रभावित अंगों में तेजी से सूजन होने लगती है. इस कारण जलन, दर्द और खुजली होने लगती है. इन स्थितियों में पेशाब की थैली की दीवार की नसें ज्यादा सेंसेटिव हो जाती है और बार-बार पेशाब में दिक्कत करती है. यह असहज स्थिति है और बार-बार आना बहुत ज्यादा होने से इरीटेशन ज्यादा होती है. इसके क्या कारण है इसे खत्म करने के लिए क्या करना चाहिए, इस विषय में वीएनए अस्पताल, नई दिल्ली में मशहूर सीनियर यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत मल्होत्रा ने हमें महत्वपूर्ण जानकारी दी है.
डायबिटीज और पेशाब की थैली में कम ताकत
डॉ. विनीत मल्होत्रा ने बताया कि अगर किसी को यूटीआई इंफेक्शन बार-बार लौटकर वापस आ रहा है तो इसके कई कारण हो सकते हैं. सबसे पहले हमें समझना होगा कि यह महिला और पुरुष में अलग-अलग तरह से प्रभावित होता है. दोनों में जो सबसे कॉमन कारण होता है वह है डायबिटीज. डायबिटीज मरीजों के खून में शुगर की मात्रा ज्यादा होती है, इससे पेशाब में ग्लूकोज आ सकता है. ग्लूकोज बैक्टीरिया के पनपने के लिए अनुकूल माध्यम बनता है. वहीं डायबिटीज मरीजों में इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है. इन सब कारणों से बैक्टीरिया के बार-बार पनपने का खतरा रहता है. अगर डायबिटीज अनकंट्रोल्ड है तो इससे यूटीआई का ज्यादा खतरा है. अगर किसी के किडनी या यूरेथ्रा में स्टोन है तो यह भी बड़ा कारण हो सकता है यूटीआई के बार-बार पनपने का. इसका तीसरा सबसे बड़ा कारण है पेशाब की थैली का खाली नहीं होना. कई कारणों से पेशाब की थैली खाली नहीं होती. इसके लिए पेशाब के रास्ते में किसी तरह की रुकावट आ जाती है या नसों की कमजोरी होती है या पेशाब की थैली कमजोरी हो जाती है. इन सब कारणों से जब पेशाब की थैली खाली नहीं होती तो वहां बैक्टीरिया के पनपने का बार-बार खतरा रहता है. क्योंकि बैक्टीरिया नमी में पनपता है, इसलिए किसी माध्यम से घुसकर यह पेशाब की थैली में पहुंच जाता है. कई बार इंफेक्शन कहीं और होता है और उस इंफेक्शन का बैक्टीरिया खून के रास्ते किडनी या पेशाब के मार्ग में पहुंच जाता है. इससे भी इंफेक्शन हो सकता है.
महिलाओं में खतरा ज्यादा
डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं कि महिलाओं में UTI का बार-बार वापस लौटने का खतरा ज्यादा रहता है. इसका सबसे बड़ा कारण होता है कि महिलाओं में यूरेनरी ट्रैक्ट यानी पेशाब की थैली या पेशाब से संबंधित सभी अंग बहुत छोटे होते हैं. कम जगह में उन्हें सिमटना पड़ता है. दूसरा गुदाद्वार भी वहीं सटा रहता है. इनसे बैक्टीरिया के पनपने का ज्यादा खतरा रहता है. जब महिलाओं में पेशाब का रास्ता बहुत छोटा होने की वजह से बैक्टीरिया पनपता है तो उसे यूरेथ्रल स्टेनोसिस कहा जाता है. इसका मतलब है कि पेशाब की थैली की मांसपेशियां या नसों में कमजोरी हो गई है जिसकी वजह से पेशाब की थैली पूरी तरह खाली नहीं होती और पेशाब अंदर ही रुका रह जाता है. रुका हुआ यह स्थिर पेशाब बैक्टीरिया को पनपने और बढ़ने का समय देता है जिससे इंफेक्शन बार-बार लौट आता है.
बैक्टीरिया का बायोफिल्म बना लेना
कुछ बैक्टीरिया बेहद जिद्दी होते हैं. डॉ. विनीत मल्होत्रा कहते हैं कि कुछ लोगों में पेशाब के रास्ते में म्यूकोसा में खुद के उपर एक प्रोटेक्टिव लेयर बना लेता है. इसे बायोफिल्म कहते हैं. इसके बाद यह म्यूकोसा में बहुत खतरनाक तरीके से चिपक जाते हैं. जब यह बायोफिल्म बना लेते हैं तो इस पर साधारण बैक्टीरिया काम नहीं करता.
अगर पेशाब के रास्ते या थैली में फॉरेड बॉडी यानी शरीर के बाहर से आई कोई चीज जैसे स्टोन, स्टेंट आदि है तो इनमें ये बहुत तेजी से चिपक कर अपने उपर बायोफिल्म बना लेते हैं. कभी-कभी बैक्टीरिया सीधे म्यूकोसा के अंदर बायोफिल्म बना लेते हैं. इन स्थितियों में अलग तरह से इलाज किया जाता है. इसके लिए इंजेक्शन से वहां दवाई पहुंचाई जाती है.
क्या है इसका इलाज
डॉ. विनीत मल्होत्रा ने बताया कि अगर बार-बार यूटीआई इंफेक्शन हो रहा है तो सबसे पहले स्पेशलिस्ट यूरोलॉजिस्ट से दिखाएं. जैसा कि मैंने पहले बताया है कि इसके कई कारण हो सकते हैं. इसलिए हमें लक्षणों के आधार पर कई तरह के टेस्ट करवाने पड़ते हैं. अगर किसी को स्टोन या फॉरेन बॉडी के कारण यूटीआई बार-बार हो रहा है तो यह जांच से पता चल जाता है. कौन से बैक्टीरिया है, इसका भी टेस्ट कराना पड़ता है. सारे टेस्ट करने के बाद जब इसका सही कारण पता चल पाता है तो हमें इलाज करने में आसानी होती है. महिलाओं में जरूरी नहीं कि कोई अंदरुनी कारण हो, साधारण इंफेक्शन भी इसका कारण हो सकता है. इसलिए मूत्र मार्ग की साफ-सफाई बहुत जरूरी है. खान-पान का भी ध्यान रखना पड़ता है. कई बार पेट खराब होने की वजह से भी इंफेक्शन हो सकता है. इसलिए बाहर खाना से परहेज करें. अगर खाएं तो वहां साफ सफाई को पहले चेक कर लें. यूटीआई न हो इसके लिए पर्याप्त पानी पिए. ज्यादा पानी पीने से कीटाणु बाहर निकल आते हैं. लेकिन इन सबके बावजूद अगर बार-बार यूटीआई हो रहा है तो स्पेशलिस्ट डॉक्टर से जरूर दिखां.
About the Author
With 20 years of extensive experience in Hindi journalism, Lakshmi Narayan is a distinguished media professional and digital team leader at Network18, managing edit…
और पढ़ें