Last Updated:
निर्देशक अयान मुखर्जी ने अपनी फिल्मों को लेकर कुछ ऐसी बातें बताई हैं, जो शायद ही पहले सामने आई हों. एक तरफ उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के दूसरे पार्ट का इंतजार लंबा होता जा रहा है, तो दूसरी तरफ ‘वॉर 2’ के नतीजे ने भी सुर्खियां बटोरीं. अब अयान ने दोनों फिल्मों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने बताया कि बड़े पर्दे पर एक कहानी को आगे बढ़ाने के पीछे कितनी बड़ी चुनौतियां होती हैं.
नई दिल्ली. फिल्मों की दुनिया में कई बार बड़े बजट और बड़े सितारे भी मेकर्स की सारी उम्मीदें पूरी नहीं कर पाते. कुछ ऐसा ही एक्सपीरियंस निर्देशक अयान मुखर्जी को भी हुआ है. रणबीर कपूर के साथ ‘वेक अप सिड’, ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी फिल्में बनाने वाले अयान इन दिनों अपने एक कॉमेंट को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने ‘वॉर 2’ की नाकामी का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में रणबीर के साथ काम करने की बात कही. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि आखिर क्यों ‘ब्रह्मास्त्र’ के दोनों पार्ट एक साथ शूट नहीं किए जा सके. IFFI 2026 में अयान ने अपनी फिल्मों, गलतियों और आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
गोवा में चल रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के दौरान अयान मुखर्जी ने इस बारे में बात की. उन्होंने बताया कि बड़े बजट की फिल्मों के दूसरे पार्ट पर काम शुरू करना आसान नहीं होता. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
अयान मुखर्जी ने कहा, ‘जब तक निर्माताओं के पास बहुत पैसा न हो, वे अकसर पहली फिल्म के प्रदर्शन का इंतजार करते हैं. इसके बाद ही अगली फिल्म पर बड़ा निवेश करने का फैसला लेते हैं’. उन्होंने आगे कहा कि ‘ब्रह्मास्त्र’ के मामले में भी यही हुआ. उनके दिमाग में दूसरे पार्ट की कहानी पहले से थी लेकिन पहली फिल्म के साथ ही दूसरी फिल्म बनाना उनके लिए मुमकिन नहीं था. उन्होंने कहा, ‘हम ‘ब्रह्मास्त्र 2′ को पहले पार्ट के साथ बनाने का खर्च नहीं उठा सकते थे. हमारे दिमाग में इसकी योजना थी, लेकिन आगे बढ़ने के लिए हमें पहले पार्ट की जरूरत थी.’ फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने इस दौरान ‘बाहुबली 2’ का उदाहरण भी दिया. अयान के मुताबिक, एसएस राजामौली की टीम को भी पता था कि ‘बाहुबली’ का दूसरा पार्ट बनाया जाएगा. हालांकि, उन्होंने पहले दूसरे पार्ट के कुछ हिस्सों की शूटिंग की और फिर पहली फिल्म के रिलीज होने के बाद बाकी काम आगे बढ़ाया. अयान ने यह भी कहा कि हर फिल्म की टीम, निर्माता और निर्देशक की आर्थिक स्थिति अलग होती है. इसलिए हर फिल्म को बनाने का तरीका भी अलग हो सकता है. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
अयान ने साफ किया कि फिलहाल उनका ध्यान ‘ब्रह्मास्त्र’ के दूसरे पार्ट पर है. वह इसकी कहानी और दूसरे काम पर जुटे हुए हैं. उन्होंने संकेत दिया कि इस फिल्म को पूरा करने के बाद ही किसी दूसरे प्रोजेक्ट पर आगे बढ़ेंगे. हालांकि, फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी और यह सिनेमाघरों में कब आएगी, इसकी पक्की तारीख उन्होंने नहीं बताई. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन-शिवा’ साल 2022 में रिलीज हुई थी. फिल्म में रणबीर कपूर ने शिवा, आलिया भट्ट ने ईशा, अमिताभ बच्चन ने गुरु, मौनी रॉय ने जुनून और नागार्जुन ने अनीश का किरदार निभाया था. करीब 410 करोड़ रुपये के बताए गए बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 431 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram
अयान मुखर्जी और रणबीर कपूर की दोस्ती बॉलीवुड में काफी मशहूर है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अपनी हर फिल्म में रणबीर को लेना पहले से तय रखते हैं तो अयान ने हंसते हुए अपनी पिछली फिल्म ‘वॉर 2’ का जिक्र किया. ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर अभिनीत ‘वॉर 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी.
इस पर चुटकी लेते हुए अयान ने कहा, ‘मैंने रणबीर के बिना एक फिल्म ‘वॉर 2′ की थी, लेकिन वह कुछ खास नहीं चली. शायद मेरे लिए उन्हीं के साथ काम करना बेहतर है.’ हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि वे सिर्फ रणबीर के साथ ही फिल्में बनाएंगे. ‘वेक अप सिड’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ के दौरान दोनों की उम्र, सोच और मुंबई के एक ही इलाके से होने के कारण उनकी दोस्ती गहरी हुई और काम अपने आप आगे बढ़ता गया. आपको बता दें कि रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की 4,000 करोड़ रुपये के मेगा बजट वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं. फोटो साभार-@ayan_mukerji/Instagram