Last Updated:
Hiccups Causes And Remedy: हिचकी बहुत ही कॉमन प्रॉब्लम है. लेकिन यदि बार-बार ये प्रॉब्लम हो रही है, तो तुरंत राहत के लिए आप यहां बताए गए उपायों को आजमा सकते हैं.
हिचकी आना एक आम समस्या है, जो आमतौर पर कुछ मिनटों में अपने आप ठीक हो जाती है. लेकिन अगर हिचकी बार-बार आने लगे या लंबे समय तक बनी रहे, तो यह काफी असहज और परेशान करने वाली हो सकती है. कई बार जल्दी-जल्दी खाना खाने, जरूरत से ज्यादा भोजन करने, मसालेदार चीजें खाने, गैस या अपच होने, बहुत ठंडा या बहुत गर्म पेय पीने से भी हिचकी शुरू हो सकती है.
हिचकी कैसे आती है? हिचकी तब आती है जब डायफ्राम नाम की मांसपेशी अचानक और बार-बार सिकुड़ने लगती है. डायफ्राम हमारे सीने और पेट के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण मांसपेशी है, जो सांस लेने की प्रक्रिया में मदद करती है. जब यह अचानक संकुचित होता है, तो फेफड़ों में तेजी से हवा प्रवेश करती है. उसी समय वोकल कॉर्ड का हिस्सा बंद हो जाता है, जिससे “हिक” जैसी आवाज सुनाई देती है.
लगातार हिचकी आने के कई कारण हो सकते हैं. इनमें जल्दी-जल्दी खाना, ज्यादा भोजन करना, गैस और एसिडिटी, तनाव, चिंता, धूम्रपान, शराब का सेवन, नसों में जलन या कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव शामिल हैं. हालांकि अधिकतर मामलों में यह कोई गंभीर समस्या नहीं होती और कुछ आसान घरेलू उपायों से राहत मिल सकती है.
हिचकी बंद करने के लिए क्या करें?
ठंडा पानी पिएं
हिचकी आने पर धीरे-धीरे ठंडा पानी पीना फायदेमंद माना जाता है. यह नसों को शांत करने और डायफ्राम को आराम देने में मदद कर सकता है. पानी को छोटे-छोटे घूंट में पिएं.
शहद का सेवन करें
शहद गले और नसों को शांत करने में सहायक माना जाता है. एक चम्मच शहद सीधे खाया जा सकता है या गुनगुने पानी में मिलाकर भी लिया जा सकता है.
चीनी या मिश्री चूसें
एक चम्मच चीनी या मिश्री को धीरे-धीरे मुंह में रखने से कुछ लोगों को हिचकी में राहत मिल सकती है. इसकी दानेदार बनावट नसों के संकेतों को प्रभावित करती है, जिससे हिचकी रुकने में मदद मिल सकती है.
कुछ सेकंड के लिए सांस रोकें
गहरी सांस लेकर 10 से 15 सेकंड तक रोकने की कोशिश करें. इससे डायफ्राम की अनियमित गतिविधि नियंत्रित हो सकती है और हिचकी शांत हो सकती है.
नींबू का रस लें
नींबू का खट्टा स्वाद शरीर के संतुलन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. जीभ पर नींबू के रस की कुछ बूंदें डालने से हिचकी में राहत मिल सकती है.
ध्यान रखें ये बात
अगर हिचकी कई घंटों या दिनों तक लगातार बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. सामान्य हिचकी के लिए ये आसान घरेलू उपाय राहत दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.