Last Updated:
Beat Summer Drinks: भीषण गर्मी में शरीर को हाइड्रेट और ठंडा रखना बेहद जरूरी है. सत्तू, बेल का शरबत, छाछ, पुदीना-नींबू ड्रिंक और नारियल पानी जैसी देसी ड्रिंक्स शरीर को ठंड पहुंचाती हैं. इन ड्रिंक्स का सेवन करने से इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी हो जाती है और डिहाइड्रेशन से बचने में भी मदद मिल सकती है. इन ड्रिंक्स को घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.
गर्मी में बेल का शरबत पीने से शरीर को ठंडक मिल सकती है.
Natural Summer Drinks: देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार हो गया है. भीषण गर्मी में शरीर से अत्यधिक पसीना निकलता है, जिससे पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है. इसके कारण डिहाइड्रेशन, थकान, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए पर्याप्त पानी के साथ कुछ नेचुरल ड्रिंक्स का सेवन भी करना चाहिए. कुछ घरेलू चीजों से तैयार देसी ड्रिंक्स शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ सेहत को भी फायदा पहुंचा सकती हैं. दिल्ली के PSRI हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन पूनम दुनेजा से गर्मी की बेस्ट ड्रिंक्स और उनके फायदे के बारे में जान लेते हैं.
शरीर को ठंडा रखेंगी ये 5 ड्रिंक्स
सत्तू : डाइटिशियन के अनुसार सत्तू को गर्मियों का सुपरफूड माना जाता है. भुने हुए चने से बनने वाला सत्तू प्रोटीन, फाइबर और मिनरल्स से भरपूर होता है. एक गिलास ठंडे पानी में सत्तू, काला नमक और थोड़ा नींबू मिलाकर पीने से शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है. यह शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने में मदद करता है और गर्मी के प्रभाव को कम कर सकता है.
बेल का शरबत : बेल का फल आयुर्वेद में शीतल प्रभाव के लिए जाना जाता है. बेल का शरबत शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाने में मदद करता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व गर्मी से होने वाली थकान और कमजोरी को कम करने में सहायक हो सकते हैं. नियमित रूप से बेल का शरबत पीने से शरीर तरोताजा महसूस करता है.
छाछ : छाछ गर्मियों में सबसे लोकप्रिय चीज है. इसमें कैल्शियम, प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. काला नमक और भुना जीरा मिलाकर तैयार की गई छाछ शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को बनाए रखने में सहायक हो सकती है. यह पेट को ठंडक पहुंचाने के साथ गर्मी से राहत भी देती है.
पुदीना और नींबू का ड्रिंक : पुदीना और नींबू का मिश्रण गर्मियों में ताजगी देने वाला बेहतरीन पेय माना जाता है. पुदीना शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है, जबकि नींबू में मौजूद विटामिन C इम्यूनिटी मजबूत बनाने में सहायक हो सकता है. ठंडे पानी में पुदीने की पत्तियां, नींबू का रस और काला नमक मिलाकर तैयार किया गया यह ड्रिंक गर्मी से राहत दिला सकता है.
नारियल पानी : नारियल पानी को प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक कहा जाता है. इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और अन्य जरूरी खनिज पाए जाते हैं, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करते हैं. गर्मियों में नारियल पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और थकान कम महसूस हो सकती है. यह एक हल्का और पौष्टिक विकल्प है, जिसे सभी लोग पी सकते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें