Last Updated:
Ekta Kapoor Produced Horror Movies on OTT: भारतीय कंटेंट जगत में ‘कंटेंट क्वीन’ के नाम से मशहूर एकता कपूर ने न केवल टीवी सीरियल्स और पारिवारिक ड्रामा बल्कि हॉरर जॉनर में भी अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है. बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले एकता कपूर ने हिंदी सिनेमा को कुछ ऐसी डरावनी फिल्में दी हैं, जिन्होंने सिनेमाघरों के साथ-साथ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी लोगों की नींद चुरा रखी है.
नई दिल्ली. हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं और रात में कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो आपकी नींद उड़ा दे? तो यह लिस्ट आपके लिए है. टीवी क्वीन के नाम से मशहूर एकता कपूर ने सिर्फ पारिवारिक ड्रामा ही नहीं, बल्कि हॉरर जॉनर में भी कई ऐसी फिल्में बनाई हैं, जिन्होंने दर्शकों को डर और सस्पेंस का जबरदस्त अनुभव दिया. इन फिल्मों में भूतिया हवेलियां हैं, रहस्यमयी आत्माएं हैं, डायन का खौफ है और ऐसे ट्विस्ट हैं जो आखिरी मिनट तक बांधे रखते हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई फिल्में रिलीज के सालों बाद भी हॉरर प्रेमियों की फेवरेट बनी हुई हैं. अगर आप कमजोर दिल वाले नहीं हैं और डर का असली रोमांच महसूस करना चाहते हैं, तो ओटीटी पर मौजूद एकता कपूर की ये 5 खौफनाक फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
साल 2004 में रिलीज हुई ‘कृष्णा कॉटेज’ एकता कपूर के शुरुआती करियर की एक कल्ट क्लासिक हॉरर फिल्म है. सोहेल खान, ईशा कोप्पिकर और अनीता हसनंदानी स्टारर इस फिल्म की कहानी पुनर्जन्म, अधूरी मोहब्बत और एक शापित किताब के इर्द-गिर्द घूमती है. इस फिल्म को एकता कपूर ने अपनी मां शोभा कपूर के साथ प्रोड्यूस किया. इस फिल्म का संगीत जैसे ‘बेपनाह प्यार है’ जितना सुपरहिट था, इसका बैकग्राउंड स्कोर उतना ही डरावना था. कॉलेज के दोस्तों का एक ग्रुप जब रात बिताने ‘कृष्णा कॉटेज’ नाम के बंगले में रुकता है, तो रोंगटे खड़े करने वाले हादसों की शुरुआत होती है. हॉरर लवर्स के लिए यह एक परफेक्ट पुरानी यादों जैसी फिल्म है. इस फिल्म की आईएमबीडी रेटिंग 5.3 है और ओटीटी पर आप इसे जियो हॉटस्टार और प्राइम वीडियोज पर देख सकते हैं.
साल 2011 में आई ‘रागिनी एमएमएस’ ने बॉलीवुड में ‘फाउंड फुटेज’ हॉरर स्टाइल को एक नया मुकाम दिया. 1 घंटा 33 मिनट की ये फिल्म अमेरिकी फिल्म ‘पैरानॉर्मल एक्टिविटी’ से प्रेरित थी और इसकी कहानी एक वास्तविक घटना पर आधारित बताई गई थी. राजकुमार राव और कायनात अरोड़ा की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. एक सुनसान घर में लगे खुफिया कैमरों में कैद होती भूतिया गतिविधियां दर्शकों को स्क्रीन से हिलने नहीं देतीं. इसमें हॉरर के साथ सस्पेंस और थ्रिलर का ऐसा मिक्स है जो अकेले कमरे में देखने पर आपको डरा देगा. इस फिल्म की आईएमबीडी रेटिंग 5.1 है. इसको आप नेटफ्लिक्स और एयरटेल एक्सस्ट्रीम पर देख सकते हैं
Add News18 as
Preferred Source on Google
साल 2013 में आई ‘एक थी डायन’ एकता कपूर और विशाल भारद्वाज का एक अनोखा और बेहद डरावना कोलाबोरेशन था. कोंकणा सेन शर्मा, इमरान हाशमी, हुमा कुरैशी और कल्कि केकलां स्टारर यह फिल्म भारतीय लोककथाओं और डायन के अंधविश्वास पर आधारित है. फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा ने जिस तरह ‘डायन’ का किरदार निभाया है, वह आज भी दर्शकों के मन में डर पैदा कर देता है. डायन की लंबी चोटी, उल्टे पैर और लिफ्ट का वो खौफनाक सीन इस फिल्म को बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्मों में से एक बनाता है. इसे आप जियो सिनेमा और एयरटेल एक्सस्ट्रीम पर देख सकते हैं. इस फिल्म की आईएमबीडी रेटिंग 5.8 है.
रागिनी एमएमएस की सफलता के बाद एकता कपूर भी इसका सीक्वल लेकर आईं. साल 2014 में इसका सीक्वल ‘रागिनी एमएमएस 2’ आया. इस बार फिल्म में सनी लियोनी मुख्य भूमिका में थीं. फिल्म की कहानी उसी भूतिया घर में एक फिल्म की शूटिंग करने पहुंची क्रू के साथ शुरू होती है. यह फिल्म हॉरर-कॉमेडी और बोल्ड कंटेंट का मिक्सचर है. फिल्म का गाना ‘बेबी डॉल’ ब्लॉकबस्टर रहा था, लेकिन फिल्म के डरावने सीन्स, खासकर चुड़ैल का बदला लेने का तरीका बेहद खौफनाक था. इसको आप जी5 पर देख सकते हैं. करीब दो घंटे वाली इस फिल्म को आप फ्री में यूट्यूब पर भी देख सकते हैं.
साल 2023 में रिलीज हुई ‘यू-टर्न’ साउथ की इसी नाम की सुपरहिट फिल्म का आधिकारिक हिंदी रीमेक है, जिसे एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया था. इसमें अलाया एफ ने मुख्य भूमिका निभाई है. यह एक सुपरनेचुरल साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है. कहानी एक फ्लाइओवर पर गैर-कानूनी ढंग से यू-टर्न लेने वाले लोगों की रहस्यमयी मौतों से जुड़ी है. फिल्म में हॉरर तत्वों के साथ-साथ एक बेहद सस्पेंस से भरी इन्वेस्टिगेशन स्टोरी चलती है, जो क्लाइमेक्स तक दर्शकों को बांधकर रखती है. इसे ने जी5 पर देख सकते हैं.
हॉरर जॉनर में एकता कपूर की दीवानगी यहीं खत्म नहीं होती. इसी साल 17 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म ‘भूत बांग्ला’ भी इसी लिस्ट में हैं. एकता कपूर ने अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की आइकॉनिक जोड़ी के साथ मिलकर ‘भूत बांग्ला’ लाईं. बॉक्स ऑफिस पर ये सफल रही. फिल्म का बजट करीब 120 करोड़ था और फिल्म ने दुनिया भर में 260 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया. ये फिल्म अभी ओटीटी पर नहीं आई है.