Last Updated:
‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ में अमिताभ बच्चन का मजेदार अंदाज देखने को मिला. शो के दौरान एक महिला कंटेस्टेंट ने अपने पति को ‘साहेब’ कहकर पुकारा, तो बिग बी की दिलचस्पी बढ़ गई. उन्होंने पूछा कि आखिर साहेब कौन हैं? जब कंटेस्टेंट ने बताया कि वह अपने पति को प्यार से इस नाम से बुलाती हैं तो अमिताभ ने भी अपनी पत्नी जया बच्चन से ऐसी ही ख्वाहिश जाहिर कर दी.
3 जून 1973 को अमिताभ बच्चन और जया शादी के बंधन में बंधे. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. 84 साल के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ में होस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं. शो में अभिनेता ने मजेदार अंदाज में अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उनका भी मन है कि उनकी पत्नी और अभिनेत्री जया बच्चन मेगास्टार को ‘साहेब’ कहकर बुलाएं.
दरअसल, शो में एक कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान अभिनेता ने सवाल किया, ‘आप अपने साथ किसे लाई हैं आज?’ कंटेस्टेंट ने बताया कि उनके साथ उनकी सास और 10 साल का बेटा दक्ष आया है और कहा, ‘वैसे तो साहेब (पति) आना चाहते थे लेकिन किसी काम की वजह से वो नहीं आ पाए.’
‘जया जी से हम भी कहेंगे’
साहेब सुनकर मेगास्टार को जिज्ञासा हुई और उन्होंने पूछा, ‘साहेब कौन हैं?’ कंटेस्टेंट ने बताया कि वह अपने पति राहुल को प्यार से ‘साहेब’ कहकर बुलाती हैं, तो मेगास्टार ने हंसते हुए कहा, ‘आप उनको साहेब बुलाती हैं?’ इस बात पर रिएक्ट करते हुए मेगास्टार ने कहा कि वह कंटेस्टेंट से प्रेरणा लेंगे और अपनी पत्नी जया बच्चन से भी कहेंगे कि वह उन्हें इसी तरह बुलाया करें. आज ही रात घर जाकर मैं जया जी से कहने वाला हूं कि आप भी हमको साहेब बुलाया कीजिए, हमको बहुत अच्छा लगेगा.’
पुणे में हुई थी वो पहली मुलाकात
बता दें कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और लंबे समय तक चलने वाली जोड़ियों में से एक हैं. दोनों पहली बार साल 1970 में पुणे के ‘फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ में मिले थे. इसके बाद वे फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर दोबारा मिले. फिल्म ‘जंजीर’ के दौरान एक-दूसरे के करीब आए. दोनों ने तय किया कि अगर ‘जंजीर’ हिट हुई तो वे साथ में लंदन घूमने जाएंगे. जब अमिताभ ने यह बात अपने पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन को बताई तो उन्होंने कहा कि यदि जया साथ जा रही हैं, तो वे पहले शादी करें.
3 जून 1973 को एक हुए थे जया और अमिताभ
3 जून 1973 को दोनों ने बेहद सादगी और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में शादी कर ली और इसके तुरंत बाद लंदन के लिए रवाना हो गए. शादी के बाद जया बच्चन ने अपने परिवार पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से दूरी बनानी शुरू की जबकि अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा के ‘एंग्री यंग मैन’ और महानायक बने.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें