Pahadi Vegetable: पहाड़ों में सर्दियों का मौसम आते ही कई मौसमी सब्जियां खाने को मिलती हैं. इन्हीं में से एक है गडेरी, जिसे यहां के लोग बड़े चाव से खाते हैं. यह सिर्फ स्वाद में ही खास नहीं है, बल्कि इसमें फाइबर, प्रोटीन, पोटेशियम, विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. यही वजह है कि पहाड़ के पारंपरिक खानपान में गडेरी की अपनी अलग जगह है.
गडेरी से सिर्फ एक तरह की सब्जी नहीं बनती, बल्कि इसे कई तरीकों से पकाया जाता है. कहीं इसे टमाटर के साथ बनाया जाता है तो कहीं लाई और मेथी के साथ मिलाकर पकाते हैं. इसके अलावा गडेरी के गुटके और पापड़ भी बनाए जाते हैं. इसकी सब्जी का स्वाद स्थानीय मसालों और घी के तड़के से और भी खास हो जाता है.
सर्दियों में बढ़ जाती है गडेरी की मांग
पहाड़ों में सर्दियों के दौरान गडेरी का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है. इसकी तासीर गर्म मानी जाती है. इसे लाई के साथ मिलाकर बनाया जाता है. इसके अलावा गडेरी और मेथी की सब्जी भी खूब पसंद की जाती है. आलू के गुटकों की तरह इसके भी गुटके बनाए जाते हैं, जो खाने में काफी स्वादिष्ट होते हैं. कुछ लोग व्रत के दौरान भी इसे फलाहार के रूप में खाते हैं.
भांग और जखिया के तड़के से बढ़ जाता है स्वाद
गडेरी की सब्जी बनाने के कई पारंपरिक तरीके हैं. इसे पहले उबालकर और छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद भांग के बीज, जखिया और लहसुन जैसे स्थानीय मसालों के साथ पकाया जाता है. इसमें घी का तड़का लगाया जाता है. इसे लटपट सब्जी या गाढ़ी करी के रूप में भी तैयार किया जाता है. अच्छी तरह पकने के बाद गडेरी के टुकड़े नरम और मलाईदार हो जाते हैं.
गडेरी की तरह ही बनाई जाती है पिनालू की सब्जी
पहाड़ों में गडेरी के अलावा पिनालू भी खाया जाता है. इसे बनाने का तरीका गडेरी जैसा ही है, लेकिन इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है. पिनालू के भी गुटके बनाए जाते हैं, जिन्हें लोग बड़े चाव से खाते हैं. गडेरी का उत्पादन सबसे ज्यादा अल्मोड़ा जिले में होता है. इसके अलावा नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी इसकी पैदावार होती है. बाजार में यह करीब 40 से 50 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल जाती है. गडेरी में फाइबर, पोटेशियम और कई दूसरे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसमें मौजूद फाइबर पाचन और मेटाबॉलिज्म के लिए उपयोगी होता है. यह सब्जी दिल से जुड़ी समस्याओं, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद होती है.